केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने महाकाल मंदिर में पूजन किया

Religion/ Spirituality/ Culture

केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान शनिवार को उज्जैन पहुंचे। उन्होंने महाकाल मंदिर में पूजन किया। कोरोना संक्रमण से मुक्ति के लिए प्रार्थना की। राज्यपाल खान ने मंदिर परिसर के नंदी हॉल के बैरिकेड्स के पीछे से दर्शन किए।

जानकारी के मुताबिक राज्यपाल खान सुबह 7.30 बजे महाकालेश्वर की सुबह की आरती में सम्मिलित हुए। शिव पंचाक्षरी मंत्री का जाप किया। आंखें बंद कर वे महाकाल की भक्ति में डूबे रहे। पुजारियों ने आरती करवाई। आरती और पूजन के बाद बाहर निकलने पर राज्यपाल ने कहा कि महाकाल से क्या मांगा ये तो नहीं बताना चाहिए लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि मैंने देश के कल्याण और प्रगति की प्रार्थना की। इन दिनों देश संकट से गुजर रहा है। मैंने महाकाल से प्रार्थना की है कि देश-दुनिया को कोरोना के संकट से मुक्ति दिलाएं। देश तेजी से विकास के पथ पर बढ़े।

दरअसल, राज्यपाल को उज्जैन में होने वाले एक कार्यक्रम में भाग लेने जाना है। इसके लिए वे शुक्रवार शाम को ही उज्जैन पहुंच गए थे। यहां रात्रि विश्राम करने के बाद सुबह महाकाल के दर्शन के लिए गए। पुजारियों ने विधि-विधान से पूजन करवाया। बाद में एसडीएम और महाकाल मंदिर के प्रशासनिक अधिकारियों ने शॉल-श्रीफल से राज्यपाल का स्वागत किया।

ज्ञात रहे कि कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित है। पहले 3 जनवरी तक प्रवेश बंद था लेकिन कलेक्टर आशीष सिंह ने पिछले दिनों आदेश जारी कर कहा कि 10 जनवरी तक गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके चलते राज्यपाल ने भी नियम के हिसाब से नंदी हॉल के पीछे महाकाल के दर्शन किए।

-एजेंसियां