भ्रष्टाचार पर योगी सरकार का प्रहार: फाइलों को छिपाने वाले आगरा जलकल GM सस्पेंड, लखनऊ किए गए संबद्ध

Regional

आगरा। प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद ने गुरुवार को आगरा के जलकल विभाग के महाप्रबंधक एके राजपूत को निलंबित कर दिया। उन्हें लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। राजपूत पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं, जिनकी जांच स्थानीय निकाय के निदेशक करेंगे।

आरोप है कि जलकल महाप्रबंधक ने 4.30 करोड़ रुपये का घोटाला किया था। इसमें पाइप लाइन की मरम्मत और नई लाइन बिछाने में एक करोड़ रुपये, वाटर हार्वेस्टिंग में ढाई करोड़ रुपये, स्लूज वाल्व की खरीद में 80 लाख रुपये शामिल हैं। महाप्रबंधक ने कर्मचारी सुमित पचौरी, रजनीश सहित आधा दर्जन कर्मचारियों के खिलाफ शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई नहीं की।

नगर निगम के आयुक्त अंकित खंडेलवाल के आदेश पर जांच कमेटी गठित हुई थी। महाप्रबंधक ने आरोपी कर्मचारियों की फाइलें नगरायुक्त को देने से इन्कार कर दिया था। नगरायुक्त ने महाप्रबंधक के वित्तीय अधिकार सीज करने की संस्तुति की थी। इसी के बाद महाप्रबंधक को निलंबित किया गया।

इस बारे में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने मीडिया से कहा कि प्रमुख सचिव नगर विकास के आदेश मिल गए हैं। जलकल विभाग के महाप्रबंधक को निलंबित करते हुए लखनऊ से संबद्ध किया गया है।