महिला सशक्तिकरण की अनूठी पहल: किशोर शक्ति फाउंडेशन ने 3,500 महिला श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण अभियान का किया शुभारंभ

विविध

आगरा। महिला सशक्तिकरण एवं समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए प्रयासरत किशोर शक्ति फाउंडेशन ने शुक्रवार को किशोर एक्सपोर्ट्स, ईपीआईपी, शास्त्रीपुरम, आगरा में स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अभियान के अंतर्गत लगभग 3,500 जरूरतमंद महिला श्रमिकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

अक्टूबर में मनाए जाने वाले स्तन कैंसर जागरूकता माह तथा 29 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय देखभाल एवं सहयोग दिवस की भावना के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में महिला स्वास्थ्य, बीमारियों की समय पर पहचान, नियमित जांच एवं उचित चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर जोर दिया गया। महिलाओं को निःशुल्क हेल्थ एवं मेडिसिन किट तथा डेंटल हाइजीन किट वितरित की गईं। साथ ही निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया और दृष्टिदोष से प्रभावित जरूरतमंद महिलाओं को उनकी नजर के अनुरूप चश्मे प्रदान किए गए।

इस अवसर पर किशोर शक्ति फाउंडेशन की स्नेहलता अग्रवाल ने कहा कि वस्त्र एवं परिधान निर्यातक समूह किशोर एक्सपोर्ट्स के सहयोग से फाउंडेशन महिला रोजगार, सशक्तिकरण एवं सामाजिक कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को कार्यस्थल से आगे बढ़ाते हुए फाउंडेशन आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य, सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “स्वस्थ एवं सशक्त महिलाएं ही मजबूत परिवार और समृद्ध समाज की आधारशिला हैं।”

कार्यक्रम में किशोर एक्सपोर्ट्स की साक्षी अग्रवाल एवं कोपल अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विदेशी अतिथि नादीन, ग्रेग, हाकन, शीना एवं संदीप प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।