आगरा। कमला नगर के डी-ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के पांचवें दिन आध्यात्मिक आयोजनों के बीच श्रद्धालुओं ने भक्ति का आनंद लिया। अष्टानिका महापर्व पर पीएनसी परिवार, आगरा द्वारा राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में चल रहे इस धार्मिक अनुष्ठान में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र सेवा के लिए शक्ति मिलने की मंगलकामना की जा रही है। इसके साथ ही भगवान महावीर के अहिंसा और शांति के संदेशों के जरिए देश-दुनिया में सद्भाव की प्रार्थना की गई।
सुबह पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन व डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक और शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद विधिवत पूजन का क्रम शुरू हुआ। अनुष्ठान में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी पत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र की भूमिका निभाई। उन्होंने इंद्र-इंद्राणियों के साथ विधान मंडल पर अष्टद्रव्य चढ़ाते हुए 64 अर्घ्य अर्पित किए। इस अवसर पर पीएम मोदी के स्वस्थ जीवन और देश में शांति व खुशहाली कायम रहने की प्रार्थना की गई।
इस दौरान सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम छू रहा है और उनका राष्ट्र सेवा का जज्बा सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। इस धार्मिक आयोजन के जरिए ईश्वर से यही प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री सदैव स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें। उन्होंने आगे कहा कि जैन दर्शन के अहिंसा और विश्व बंधुत्व के विचार संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाते हैं।
समारोह में पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने प्रवचन में जीवन की अनियंत्रित भागदौड़ और धर्म से बढ़ती दूरी पर प्रकाश डाला। उन्होंने एक दृष्टांत के जरिए समझाया कि इंसान धन और सफलता की होड़ में दिन-रात भाग रहा है, लेकिन इस चक्कर में वह अपने स्वास्थ्य, परिवार और आत्मचिंतन के लिए समय निकालना भूल जाता है। उन्होंने कहा कि भौतिक साधनों के साथ-साथ आत्मकल्याण और धर्म के लिए समय देना जीवन में शांति के लिए बेहद जरूरी है।
शाम 7:00 बजे मंदिर परिसर में भव्य मंगल आरती हुई, जिसके बाद भोपाल से आई लोकेश जैन एंड पार्टी ने संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।
इस पूरे नौ दिवसीय कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। समारोह में लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, पार्षद पंकज अग्रवाल, पार्षद मुरारी अग्रवाल, पूर्व पार्षद अमित ग्वाला, पूर्व पार्षद जगदीश पचौरी, अमित चौधरी, प्रवीण जैन और दीपक जैन विशेष रूप से मौजूद रहे।
इसके अलावा पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हिना जैन, अंकिता जैन और आयुषी जैन सहित मीडिया प्रभारी राहुल जैन व शुभम जैन एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


