साल लगे या सदी हम लोग ईवीएम हटाकर रहेंगे…सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

Politics

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने घोषणा की कि सपा की सरकार आने पर गोमती रिवर फ्रंट स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर ‘सोने का भाला’ लगाया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादियों ने कभी भेदभाव नहीं किया और वे देश के सभी महापुरुषों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सपा संविधान और लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में सबको साथ लेकर काम करेगी।

​”इलेक्शन माफिया” और फॉर्म-7 का गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने आगामी चुनौतियों को लेकर कार्यकर्ताओं को अलर्ट किया। उन्होंने भाजपा पर “मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया” की तरह काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग फॉर्म-7 के जरिए समाजवादी पार्टी के समर्थकों के वोट कटवाने की साजिश रच रहे हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए ताकि लोग वोट न डाल सकें। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ताओं को इस इलेक्शन माफिया का डटकर मुकाबला करना होगा।

​ध्वस्त कानून व्यवस्था पर घेरा

प्रदेश की सुरक्षा स्थिति पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि जो सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा करती थी, उसने उत्तर प्रदेश के लॉ एंड ऑर्डर को ही ‘जीरो’ कर दिया है। अखिलेश ने कहा कि एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़े खुद चीख-चीखकर सरकार की नाकामियों की गवाही दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर नकारात्मकता फैलाने और समाज को आपस में लड़ाकर राजनीति करने का आरोप लगाया।

EVM हटाओ और कानपुर छापे का जिक्र

ईवीएम के मुद्दे पर अपनी पुरानी मांग को दोहराते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “चाहे साल लगें या सदियाँ, हम ईवीएम हटाकर ही दम लेंगे।” उन्होंने ब्रिटेन (UK) में हालिया बैलेट पेपर चुनाव का हवाला देते हुए पूछा कि क्या भारत तकनीक में इंग्लैंड से आगे निकल गया है? साथ ही, उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कानपुर में पड़े उस चर्चित छापे का भी जिक्र किया जिसे सपा से जोड़ा गया था। उन्होंने तंज कसा कि अब पार्टी वह जब्त पैसा वापस मांग रही है, लेकिन सरकार देने को तैयार नहीं है।

​पूंजीवादियों का ‘गैंग’ है भाजपा

महिला आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा केवल झूठ की परतें चढ़ा रही है। यदि नीयत साफ है तो इसे 2027 में ही लागू कर देना चाहिए। उन्होंने सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि भाजपा उद्योगपतियों और पूंजीवादियों का एक ऐसा ‘गैंग’ है जो आम जनता के हितों की बलि चढ़ाकर केवल अपने मित्रों को बढ़ावा दे रहा है।