जब खेल बन जाए स्वाभिमान की लड़ाई: राम चरण और जान्हवी कपूर की फिल्म ‘पेड्डी’ का 24 अक्टूबर को सोनी मैक्स पर होगा वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर

Entertainment

मुंबई: सिनेमा प्रेमियों के पसंदीदा चैनल और ब्लॉकबस्टर फिल्मों के घर सोनी मैक्स पर आगामी 24 अक्टूबर को रात 8 बजे साउथ के मेगास्टार राम चरण और लोकप्रिय अभिनेत्री जान्हवी कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेड्डी’ (Peddi) का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर होने जा रहा है। खेल के मैदान के रोमांच को स्वाभिमान, पहचान और सम्मान की एक बड़ी लड़ाई में बदलने वाली यह स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा फिल्म दर्शकों को एक भव्य और शानदार सिनेमाई अनुभव से रूबरू कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

1990 के दशक की पृष्ठभूमि और अनोखी कहानी

​यह फिल्म 1990 के दौर के आंध्र प्रदेश के एक दूरदराज गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें राम चरण ने ‘पेड्डी’ नाम के एक ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी की भूमिका निभाई है, जिसकी खेल के प्रति स्वाभाविक प्रतिभा और जुनून उसे गांव का हीरो बना देती है। हालांकि, जब परिस्थितियां उसके लोगों और उनकी जीवनशैली के लिए खतरा बनती हैं, तो खेल का मायना पूरी तरह बदल जाता है। मैदान पर शुरू होने वाली यह कहानी जल्द ही उसके समुदाय और उससे जुड़े हर उस सम्मान के लिए संघर्ष बन जाती है, जिसकी वह परवाह करता है। खेल, एक्शन और गहरी भावनाओं का यह मेल एक ऐसे शख्स की दास्तान है, जो किसी भी परिस्थिति में हार न मानने का जज्बा रखता है।

​दिग्गज कलाकारों और संगीत से सजी है फिल्म

​फिल्म में राम चरण और जान्हवी कपूर के अलावा शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु जैसे मंजे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के दृश्यों में जान फूंकने का काम ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान के बेहतरीन संगीत ने किया है, जो दर्शकों को एक अलग ही दुनिया में ले जाएगा।

​सोनी मैक्स की बिजनेस हेड (हिंदी मूवीज़) देविका प्रभु ने इस प्रीमियर को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि पेड्डी में वह सब कुछ है जो दर्शक एक बड़े टेलीविज़न प्रीमियर में देखना चाहते हैं—एक आइकॉनिक स्टार, शानदार एक्शन, दमदार भावनाएं और एक ऐसी कहानी जिससे दर्शक दिल से जुड़ाव महसूस कर सकें। वहीं, मुख्य अभिनेता राम चरण का कहना है कि जब उन्होंने पहली बार घर पर इस फिल्म की स्क्रिप्ट सुनी थी, तो उन्हें जो रोमांच महसूस हुआ, वैसा अनुभव उन्होंने पहले कभी नहीं किया था। उन्होंने कहा कि वे खुद को बहुत खुशनसमत मानते हैं कि उन्हें ऐसी फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला जो पीढ़ियों तक लोगों को प्रेरित करेगी।

राम चरण की जबरदस्त स्क्रीन प्रेजेंस, जान्हवी कपूर का अभिनय और बड़े पैमाने पर रची गई यह कहानी 24 अक्टूबर को देशभर के दर्शकों के लिए एक यादगार मूवी नाइट साबित होने वाली है।

देखना न भूलें: ‘पेड्डी’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर, 24 अक्टूबर को रात 8 बजे, सिर्फ सोनी मैक्स पर!