आगरा: राहगीरों को राहत देने के लिए शहर के 15 प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे वाटर कूलर

Press Release

आगरा: इस भीषण गर्मी के मौसम में राहगीरों को राहत देने के लिए महापौर नवीन जैन द्वारा शुरू की गयी शहर के चौराहों पर वॉटर कूलर लगाए जाने की मुहिम जारी है। महापौर ने आगरा नगर निगम एवं जलकल विभाग को आगरा शहर के 15 प्रमुख स्थानों पर वाटर कूलर लगवाने के निर्देश दिए हैं जिसके अंतर्गत आज बुधवार सुबह शहर दूसरे व्यस्ततम वॉटर वर्क्स चौराहा पर वॉटर कूलर का लोकार्पण महापौर नवीन जैन द्वारा किया गया। लोकार्पण से पूर्व क्षेत्रीय जनता और पार्षदों द्वारा महापौर नवीन जैन का स्वागत अभिनंदन किया गया।

वॉटर वर्क्स चौराहा पर नगर निगम व जलकल विभाग द्वारा लगाए गए वाटर कूलर का लोकार्पण महापौर नवीन जैन द्वारा विधि विधान से मंत्र उच्चारण के साथ किया गया। इसके बाद महापौर ने स्वयं उस वाटर कूलर का पानी पिया।

लोकार्पण करने के बाद महापौर नवीन जैन ने बताया कि इस समय भीषण गर्मी का मौसम है। राहगीरों की सुविधा को देखते हुए आज वॉटर वर्क्स चौराहा पर वॉटर कूलर लगाने का काम किया गया है। इस चौराहे से प्रतिदिन हज़ारों लोग एवं यात्री आवागमन करते हैं। भीषण गर्मी में ऐसे लोगों को इस वाटर कूलर से शुद्ध और शीतल गंगाजल का पानी उपलब्ध होगा।

महापौर नवीन जैन ने बताया कि शहर में सबसे पहले भगवान टॉकीज पर वाटर कूलर लगाया गया। इसके बाद आज वॉटर वर्क्स चौराहा पर दूसरे वॉटर कूलर का लोकार्पण किया गया। इसी तरह आगरा शहर के अन्य 15 प्रमुख स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाएंगे। इसके अलावा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 10 और स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाएंगे। महापौर नवीन जैन ने शहर के संभ्रांत नागरिकों एवं संपन्न लोगों से यह अपील की है कि समाज सेवा के कार्य में भाग लेते हुए यह भी इसी तरह जरूरत के अनुसार क्षेत्रों में शीतल जल की प्याऊ लगाने का काम करें।

इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए महापौर नवीन जैन ने पेड़ों को दो बाल्टी पानी का दान दिए जाने की अपील की। महापौर ने कहा कि जिस तरह हमें प्यास लगती है, उसी तरह पेड़ पौधों को भी प्यास लगती है। इसलिए आप सभी से अपील है कि आपके घर के आसपास जो पेड़ पौधे हों, उसे प्रतिदिन दो बाल्टी पानी दें जिससे वह पेड़ आपको हरियाली देने के साथ-साथ उसमें लगने वाले फल फूल से पक्षियों को भी भोजन मिलता रहे।

इस मौके पर जलकल जीएम आर एस यादव, अधिशासी अभियंता बी. बी. सिंह, बल्केश्वर मंडल अध्यक्ष ब्रजकिशोर अग्रवाल, महामंत्री रवि अग्रवाल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद अमित अग्रवाल ‘ग्वाला’, पार्षद हरिओम अग्रवाल, पार्षद रवि शर्मा, पार्षद विमल गुप्ता, प्रवीन जैन, आशा अग्रवाल, अंकित कक्कड़, शैलू पंडित आदि मौजूद रहे।