संस्कार और सेवा की ‘वन यात्रा’: आगरा से मुरैना पहुँचे वनबंधु परिषद के सदस्य, एकल विद्यालयों में बच्चों के बीच बाँटी खुशियाँ

विविध

आगरा/मुरैना: शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर ‘वनबंधु परिषद’ आगरा चैप्टर की एकदिवसीय वन यात्रा मध्य प्रदेश के भिंड-मेहगांव अंचल में संपन्न हुई। मुरैना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पहुँचे आगरा के 32 सदस्यों ने न केवल एकल विद्यालयों का निरीक्षण किया, बल्कि वनवासी अंचल के बच्चों और आचार्यों के साथ समय बिताकर सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की।

एकल विद्यालयों में गूँजी हनुमान चालीसा

​संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंघल के कुशल प्रबंधन में आयोजित इस यात्रा के दौरान टीम ने मेहगांव के ग्राम मुस्तरा और रेंका में संचालित ‘एकल विद्यालयों’ का भ्रमण किया। यहाँ ग्रामीण परिवेश के बच्चों ने अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मधुर स्वर में गीत और हनुमान चालीसा का पाठ कर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। ग्राम समिति और बच्चों ने आगरा से आए अतिथियों का माला और पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।

सम्मान और स्नेह का संगम

​परिषद के सदस्यों ने जमीनी स्तर पर शिक्षा की अलख जगाने वाले आचार्यों और उनके परिजनों का विशेष सम्मान किया। आचार्यों की माताओं को चुनरी और आचार्यों को बैग भेंट किए गए, वहीं ग्राम समिति के कर्मठ कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें कॉपी, पेन, पेंसिल के साथ-साथ बिस्कुट, फ्रूटी और नमकीन जैसे उपहार वितरित किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना रहा।

​दंदरौआ धाम और रतनगढ़ माता के दर पर टेका माथा

सेवा कार्य के साथ-साथ यह यात्रा आध्यात्मिक शांति का भी माध्यम बनी। सदस्यों ने प्रसिद्ध दंदरौआ धाम पहुँचकर श्री हनुमान जी के दर्शन किए और रतनगढ़ माता मंदिर में मत्था टेककर प्रसादी ग्रहण की। भक्ति और सेवा के इस मेल ने यात्रा को यादगार बना दिया।

यात्रा में शामिल प्रमुख सदस्य

इस सफल आयोजन में अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंघल के साथ सचिव जगदीश प्रसाद बंसल, उपाध्यक्ष रवि अग्रवाल, वनयात्रा निर्देशक सलिल गोयल, प्रभारी मुकेश मित्तल और बी.डी. जैन गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या प्रो. वंदना अग्रवाल प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। महिला समिति से सुधा अग्रवाल, ऊषा गोयल, मंजू सिंघल और प्रसूम बंसल ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।