लखनऊ: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य को नई ऊँचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड (UPSIC) के चेयरमैन (दर्जा राज्यमंत्री) एवं लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री श्री राकेश गर्ग ने प्रदेश के नव नियुक्त कैबिनेट एवं MSME मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर श्री राकेश गर्ग ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री को उनके नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
MSME सेक्टर को वैश्विक पहचान दिलाने का संकल्प
भेंट के दौरान माननीय MSME मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का प्रमुख लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी MSME हब बनाना है।
मंत्री ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में हमारी सरकार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम ऐसी नीतियां लागू कर रहे हैं, जिनसे स्थानीय उद्यमियों को न केवल राष्ट्रीय बल्कि वैश्विक बाजार तक पहुँच मिल सकेगी।”
लघु उद्योगों को मिलेगी नई गति
UPSIC के चेयरमैन श्री राकेश गर्ग ने प्रदेश के औद्योगिक विकास पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि निगम के माध्यम से लघु उद्योगों को भूखंड (प्लॉट), कॉमन फैसिलिटी सेंटर और सुदृढ़ मार्केटिंग सपोर्ट प्रदान कर औद्योगिक विकास की गति को तेज किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी के विजन और नेतृत्व में प्रदेश का MSME सेक्टर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव श्री मनीष अग्रवाल ‘रावी’ ने इस सकारात्मक मुलाकात का स्वागत करते हुए कहा कि मंत्रियों का यह संवाद आगरा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और उद्यमियों के विस्तार को एक नई दिशा और गति प्रदान करेगा।


