यूपी के कारागार मंत्री के बेटे की हुई शादी, दुल्हा बीमार होने से ऐन मौके पर नहीं जा पाई थी बरात

स्थानीय समाचार

आगरा। प्रदेश सरकार में कारागार एवं होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति के बेटे की शादी आज आखिरकार सम्पन्न हो गई। यह शादी बेटे की बीमारी के चलते टल गई थी।

शादी को लेकर काफी चर्चा भी हुई थी। बाद में मंत्री ने खुद सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि बेटे की तबियत खराब है, वे भावुक भी हो गए थे। अब बेटे की तबियत में सुधार होने के बाद मंत्री ने बेटे की शादी कर दी। शादी समारोह बहुत ही सादा था।

खंदौली कस्बे के खेड़ा हाजीपुर के रहने वाले धर्मवीर प्रजापति यूपी सरकार में राज्यमंत्री हैं। वर्तमान में उन्होंने थाना सिकंदरा के आवास विकास क्षेत्र में निवास बना लिया है। विगत दो दिसंबर को उनके तीसरे नंबर के बेटे दिलीप की शादी मुड़ी जहांगीर निवासी जयराम ठेकेदार की बेटी ज्योति से होनी थी। शादी का आयोजन खंदौली में माया देवी वाटिका में किया गया था। लड़की पक्ष ने पूरी तैयारी कर ली थी। मैरिज होम के पास से ही बरात चढ़नी थी। रात आठ बजे बैंड-बाजा पहुंच गया। रात नौ बजे बरात चढ़नी थी। मगर, देर रात तक बरात नहीं पहुंची थी। दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाकर बरात का इंतजार करती रही थी। देर रात को दूल्हे की तबीयत खराब होने की सूचना आई, इसके बाद शादी नहीं हो सकी। दूल्हे को डेंगू होने की बात कही गई थी। उसे नेशनल हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया था।

मंत्री ने मीडिया के सामने आकर बेटे के ठीक होने पर शादी करने की बात कही थी। इसके बाद आठ दिसंबर को मंत्री ने अपने बेटे की शादी ज्योति के साथ करवा दी। मंत्री ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बेटे की शादी का वीडियो अपलोड किया है। उन्होंने लिखा कि बेटे की तबितय में सुधार आते ही उसका विवाह संपन्न कराया जा रहा है।

इससे पहले धर्मवीर प्रजापति ने बेटे की तबियत खराब होने पर कहा था “लड़की के पिता हमारे साथ हॉस्पिटल में हैं। न उनकी तरफ से कोई बात है, न हमारी तरफ से कोई बात है। सबको पता है। भगवान का धन्यवाद, बेटा नॉर्मल हो रहा है। जांच डेंगू बीपी लो निकला। बहुत सीरियस स्थिति थी। सब दुखी हैं, कल से किसी ने खाना नहीं खाया।”

उन्होंने कहा, “कुछ लोग अनर्गल बातें करके मेरे राजनीतिक, सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। ऐसे लोगों से मैं कहना चाहूंगा कि परिवार सभी का होता है। ऐसी गंभीर स्थिति में राजनीति नहीं करनी चाहिए। रात से ही बेटी और उनके पिता हमारे साथ हैं। कुछ लोग कहते हैं कि ये दहेज के लिए है। मैंने तो कुछ मांगा नहीं।” लड़की के पिता जयराम ने बताया, “मंत्री की तरफ से दहेज में उनसे कोई मांग नहीं की गई है और जो भी दे रहे हैं हम अपनी मर्जी से दे रहे हैं।”

-एजेंसी