लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का विशेष सत्र गुरुवार को महिला आरक्षण के मुद्दे पर आयोजित किया गया। सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग आज 33 फीसदी महिला आरक्षण की वकालत कर रहे हैं, उनका इतिहास हमेशा नारी शक्ति के अपमान और उनके स्वावलंबन के विरोध का रहा है।
सपा के व्यवहार पर ‘गिरगिट’ वाला तंज
मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जब जनधन खाते खोले और शौचालय बनवाए, तब इन लोगों ने मजाक उड़ाया था। उन्होंने तंज कसा, “अब जब महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है, तो ये 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहे हैं। सपाइयों के इस रंग बदलने वाले व्यवहार पर तो गिरगिट भी शरमा जाए।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 12 करोड़ शौचालय नारी की गरिमा के प्रतीक थे, लेकिन विपक्षी दल कभी इसके प्रति संवेदनशील नहीं रहे।
विपक्ष के ‘नारी विरोधी’ चेहरे पर प्रहार
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और सपा के पुराने इतिहास को कुरेदते हुए कहा कि कांग्रेस की आज जो दुर्गति हुई है, उसका मुख्य कारण महिलाओं का ‘श्राप’ है। उन्होंने शाहबानो मामले और लखनऊ के कुख्यात ‘स्टेट गेस्ट हाउस कांड’ का जिक्र करते हुए कहा, “सपा के लोगों का आचरण गेस्ट हाउस कांड में सबने देखा था। तब भाजपा के लोग ही दलित की बेटी के सम्मान के लिए आगे आए थे।” उन्होंने आरोप लगाया कि सपा-कांग्रेस का आचरण हमेशा मौलवियों के सामने घुटने टेकने वाला रहा है।
आर्थिक प्रगति और महिला भागीदारी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बदलती तस्वीर का डेटा पेश करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘लखपति दीदी’ और ‘स्टार्टअप’ योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया है। उन्होंने दावा किया, “यूपी में कानून व्यवस्था में सुधार होने से वर्क फोर्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है, जिसका नतीजा है कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में तीन गुना वृद्धि हुई है।”
आरक्षण की मांग पर रखी शर्त
सपा द्वारा 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग पर सीएम योगी ने दोटूक कहा कि अगर वे वास्तव में इसके पक्षधर हैं, तो पहले उन्हें संसद में अपने पुराने ‘नारी विरोधी’ आचरण की सार्वजनिक भर्त्सना करनी चाहिए और अपने व्यवहार की निंदा करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार में 10 करोड़ गैस कनेक्शन और करोड़ों आवास देकर महिलाओं को वास्तविक सम्मान और सुरक्षा दी गई है।

