घने कोहरे व शीतलहर की चपेट में यूपी, कई जिलों में स्कूल बंद, रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी

Regional

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को ठप कर दिया है। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में तापमान में तेज गिरावट और सर्द हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बन गए हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और एहतियातन स्कूलों को बंद करने या उनके समय में बदलाव के आदेश जारी किए गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

ठंड का कहर, प्रशासन अलर्ट

भीषण ठंड और शून्य दृश्यता को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र कई जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। बरेली में कक्षा एक से आठ तक के स्कूल 20 दिसंबर तक बंद रहेंगे। कानपुर में भी शीतलहर के चलते 20 दिसंबर तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जौनपुर और गोंडा में स्कूलों को 21 दिसंबर तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

कहीं छुट्टी, कहीं बदला स्कूलों का समय

कुछ जिलों में स्कूल पूरी तरह बंद करने के बजाय उनके संचालन समय में बदलाव किया गया है। वाराणसी में अब स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। लखनऊ में सुबह 9 बजे के बाद ही कक्षाएं संचालित होंगी। इसके अलावा रामपुर, बिजनौर, कासगंज और औरैया में भी स्कूलों के समय को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

घना कोहरा बना सबसे बड़ी चुनौती

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वातावरण में अधिक नमी और ऊपरी स्तर पर चल रही पुरवा हवाओं के कारण घना कोहरा छा रहा है। गोरखपुर, बरेली, आगरा और लखनऊ जैसे शहरों में दृश्यता 0 से 50 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है।

पारा लुढ़का, गलन ने बढ़ाई परेशानी

पिछले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे ठिठुरन और गलन में जबरदस्त इजाफा हुआ है। कुछ इलाकों में दिन के समय भी सूरज के दर्शन नहीं हो पाए, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस किया गया।

दस जिलों में तापमान दस डिग्री से नीचे

गुरुवार को प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पारा 7.0 डिग्री तक गिर गया। लखीमपुर खीरी में 8.0, बाराबंकी में 8.5, अयोध्या में 9.0, गोरखपुर में 9.2, हरदोई में 9.5, इटावा, सुलतानपुर और आजमगढ़ में 9.6 तथा झांसी में 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

कई इलाकों में शून्य दृश्यता

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। आगरा, बरेली, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर एयरफोर्स क्षेत्रों में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई। वहीं बलिया में 10 मीटर, बहराइच में 20 मीटर, फतेहगढ़ और हरदोई में 30 मीटर तथा अलीगढ़ में 40 मीटर दृश्यता रही।

सरकार की सख्त हिदायत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोहरे और ठंड को देखते हुए सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और रैन बसेरों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा पहले ही घटा दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि घने कोहरे में अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें और बुजुर्गों व बच्चों को ठंड से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतें।