लायंस क्लब अमीगोस की अनूठी पहल: चार्टर नाइट एवं सर्विस मीट में तीन जरूरतमंद बेटियों के विवाह में दिया सहयोग

विविध

आगरा। सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों की भावना को साकार करते हुए लायंस क्लब अमीगोस की ओर से फतेहाबाद रोड स्थित होटल हॉवर्ड प्लाजा में भव्य चार्टर नाइट एवं सर्विस मीट का आयोजन किया गया। समारोह में क्लब की ओर से तीन जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग करते हुए उन्हें गृहस्थी का आवश्यक सामान और आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सेवा के इस पुनीत कार्य ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ बबिता चौहान, विशिष्ट अतिथि लायंस इंटरनेशनल के पूर्व डायरेक्टर जितेंद्र चौहान एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आरएन वर्मा का क्लब पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

सेवा प्रकल्प के अंतर्गत एक जरूरतमंद बेटी को विवाह के अवसर पर गृहस्थी का संपूर्ण सामान भेंट किया गया। इसमें डबल बेड, अलमारी, फर्नीचर, टीवी, फ्रिज सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री शामिल रही। इसके साथ ही आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। वहीं दो अन्य जरूरतमंद बेटियों को विवाह के लिए भी आर्थिक सहायता देकर उनके नए जीवन की शुरुआत में सहयोग किया गया।

मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ बबिता चौहान ने कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की शुरुआत के लिए सहयोग देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विवाह के अवसर पर जरूरतमंद बेटियों को गृहस्थी का सामान और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना उनके नए जीवन को संबल देने जैसा है। उन्होंने कहा कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना जरूरी है।

विशिष्ट अतिथि जितेंद्र चौहान ने कहा कि लायंस क्लब का मूल उद्देश्य जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। किसी बेटी के विवाह में सहयोग करना केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि एक परिवार की खुशियों और सम्मान से जुड़ना है। लायंस क्लब आगरा अमीगोस ने तीन बेटियों की सहायता कर सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को भी ऐसे सेवा कार्यों में आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को संबल मिल सके।

क्लब अध्यक्ष सागर गोयल ने कहा कि लायंस क्लब आगरा अमीगोस के लिए चार्टर नाइट केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि सेवा के संकल्प को दोहराने का दिन है। क्लब का प्रयास है कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाई जाए और विशेष रूप से बेटियों के जीवन में खुशियां लाने के लिए सार्थक योगदान दिया जाए। तीन बेटियों के विवाह में सहयोग करना क्लब के सभी सदस्यों के सामूहिक सेवा भाव का परिणाम है। भविष्य में भी क्लब इसी भावना के साथ सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम का संयोजन क्लब अध्यक्ष सागर गोयल एवं कीर्ति गोयल, सचिव पुंजी अग्रवाल एवं हर्षिता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शुभम बंसल एवं दिशा बंसल तथा सर्विस चेयरपर्सन विनायक अग्रवाल एवं पायल अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर वैभव अग्रवाल, बुलबुल अग्रवाल, अनुराग गोयल, प्रिया गोयल, विक्रांत अग्रवाल, ईशा अग्रवाल, तुषार अग्रवाल, शुभम जैन, आधार गोयल, निकिता गोयल आदि उपस्थित रहे।