केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप

Politics

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई नागरिक देश के बाहर जाता है तो उसके पास बोलने की आजादी है लेकिन इसके साथ ही इस आजादी के साथ ही जिम्मेदारी भी होती है। हम दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र हैं लेकिन राहुल गांधी ब्रिटेन जाकर कहते हैं कि भारतीय लोकतंत्र पर हमला हो रहा है।

भारत दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी से माफी की मांग की और कहा कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि भाजपा की विचारधारा कायराना है लेकिन हम समझ नहीं पा रहे हैं कि वह क्या कहना चाहते हैं। आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और जल्द ही हम चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे।

इंदिरा गांधी सरकार की दिलाई याद

हरदीप पुरी ने कहा कि राहुल गांधी चीन की बेल्ट एंड रोड इनीशिएटिव प्रोजेक्ट की तारीफ करते हैं और इसे दूरदर्शी कदम बताते हैं लेकिन क्या वह ये जानते हैं कि चीन की बेल्ट एंड रोड इनीशिएटिव योजना पाकिस्तान अधिग्रहित कश्मीर से होकर गुजरती है? उनकी दादी ने आर्टिकल 356 लागू किया था और कई बार चुनी हुई सरकार को बर्खास्त किया था।

ब्रिटेन में दिए बयान पर घिरे राहुल गांधी

बता दें कि बीते दिनों राहुल गांधी ने ब्रिटेन का दौरा किया था और इस दौरान उन्होंने ब्रिटेन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी और संसद परिसर में आयोजित हुए कार्यक्रमों को संबोधित किया था। इस दौरान राहुल गांधी ने भारत में लोकतंत्र खतरे में होने का दावा किया था और अमेरिका और यूरोपीय देशों से हस्तक्षेप की मांग की थी। आरएसएस और बीजेपी पर निशाना साधा था।

राहुल गांधी ने ये भी दावा किया था कि संसद में विपक्षी नेताओं को बोलने नहीं दिया जाता और उनके माइक बंद कर दिए जाते हैं। राहुल गांधी के विदेश में दिए इस बयान को लेकर भाजपा उन्हें घेर रही है और विदेश में भारतीय लोकतंत्र का अपमान करने का आरोप लगा रही है। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने भी राहुल गांधी पर इसी मामले में घेरा है।

Compiled: up18 News