आगरा। ताजनगरी एक बार फिर चिकित्सा जगत के बड़े आयोजन की मेजबानी करने जा रही है। 28 फरवरी और 1 मार्च 2026 को होटल जयपी पैलेस एंड कन्वेंशन सेंटर में उत्तर प्रदेश यूरोलॉजिकल एसोसिएशन का 11वां वार्षिक सम्मेलन UAUCON 2026 आयोजित होगा। इसकी मेजबानी आगरा यूरोलॉजिकल एसोसिएशन कर रहा है।
दो दिन के इस सम्मेलन में देशभर से 250 से अधिक यूरोलॉजिस्ट, सर्जन और रिसर्चर शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल शैक्षणिक चर्चा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नई तकनीकों और व्यावहारिक अनुभवों का साझा मंच बनेगा।
शीर्ष विशेषज्ञ करेंगे शिरकत
सम्मेलन में Urological Society of India के अध्यक्ष डॉ. केशवमूर्ति रामैया और निर्वाचित सचिव डॉ. अनुप कुमार सहित डॉ. अपुल गोयल, डॉ. एच.एस. पाहवा, डॉ. अनीश श्रीवास्तव, डॉ. दिवाकर दलेला, डॉ. ए.के. संवाल, डॉ. संजॉय कुमार सुरेका और डॉ. विश्वजीत सिंह जैसे विशेषज्ञ शामिल होंगे।
युवा डॉक्टरों और रेजिडेंट्स के लिए यह मंच सीखने, संवाद और नेटवर्किंग का अवसर माना जा रहा है।
थीम: एआई और सर्जिकल जटिलताएं
इस वर्ष की थीम है, यूरोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का समावेश और सर्जिकल जटिलताओं को कम करना।
तेजी से बदलती तकनीक के दौर में एआई का क्लिनिकल प्रैक्टिस में उपयोग, डेटा विश्लेषण, रिसर्च और सर्जिकल प्लानिंग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही सर्जरी के दौरान आने वाली जटिलताओं से निपटने के व्यावहारिक समाधान साझा किए जाएंगे।
पहला दिन: अनुभव और टेक्नोलॉजी
28 फरवरी को रेजिडेंट्स फोरम से शुरुआत होगी, जिसमें प्रभावशाली रिसर्च पेपर्स की समीक्षा होगी।
इसके बाद रोबोटिक और लेप्रोस्कोपिक सर्जरी में जटिलताओं पर केस स्टडी पेश की जाएंगी। विभिन्न शहरों के विशेषज्ञ यूरेथोप्लास्टी से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
“प्रैक्टिकल गाइड टू एआई” सत्र में डॉक्टरों को एआई आधारित प्रेजेंटेशन, स्मार्ट हेल्थ डिवाइस से रिमोट मॉनिटरिंग, मेडिकल डेटा एनालिसिस और एंडोयूरोलॉजी में सर्जिकल प्लानिंग जैसे पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। एआई के संभावित दुरुपयोग और नैतिक चुनौतियों पर भी विमर्श होगा।
दोपहर बाद करियर विकल्पों पर पैनल चर्चा होगी, जिसमें सरकारी, कॉरपोरेट और निजी प्रैक्टिस के अंतर पर बात होगी। दिन का समापन ओरेशन और औपचारिक उद्घाटन समारोह से होगा।
दूसरा दिन: रिसर्च और इनोवेशन
1 मार्च को योग सत्र के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। इसके बाद पेपर और वीडियो सेशन में छोटे किडनी ट्यूमर, बीपीएच की नई सर्जरी, ब्लैडर कैंसर के बायोमार्कर और रोबोटिक सर्जरी के परिणामों पर शोध प्रस्तुत किए जाएंगे।
पोस्टर सेशन में नए शोध निष्कर्षों की झलक मिलेगी।
आगरा की मेजबानी
होटल जयपी पैलेस की मुगल शैली की वास्तुकला और फरवरी का मौसम सम्मेलन को खास बनाएंगे। प्रतिभागियों के परिवारों के लिए आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी और एतमाद-उद-दौला भ्रमण की व्यवस्था भी की गई है।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. विजय बोरा ने कहा कि UAUCON 2026 ज्ञान के आदान-प्रदान का सशक्त मंच बनेगा। आयोजन सचिव डॉ. दिलीप मिश्रा ने इसे वरिष्ठ और युवा डॉक्टरों के बीच सेतु बताते हुए सभी प्रतिभागियों का आगरा में स्वागत किया।
