UAU 2026: देश भर के 262 दिग्गज यूरोलॉजिस्ट्स ने आगरा में साझा किए अनुभव, जटिल ऑपरेशनों पर हुआ मंथन

Health

आगरा। ताजनगरी के होटल जेपी पैलेस में आयोजित दो दिवसीय 11वें वार्षिक यूरोलॉजी सम्मेलन ‘यूएयू 2026’ का रविवार को सफल समापन हुआ। यूरोलॉजिकल एसोसिएशन और आगरा यूरोलॉजिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने देश भर के विशेषज्ञ चिकित्सकों को एक मंच पर लाकर भविष्य की ‘स्मार्ट सर्जरी’ की नींव रखी।

AI और सर्जिकल सेफ्टी पर विशेष जोर

आयोजन सचिव डॉ. दिलीप मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष सम्मेलन की मुख्य थीम ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का समावेश और सर्जिकल जटिलताओं को कम करना’ रही। विशेषज्ञों ने इस बात पर विस्तार से चर्चा की कि कैसे एआई की मदद से किडनी, प्रोस्टेट और मूत्र मार्ग से जुड़ी बीमारियों का सटीक निदान और बिना किसी जोखिम के ऑपरेशन किया जा सकता है।

​262 डेलीगेट्स और शोधार्थियों का संगम

आयोजन अध्यक्ष डॉ. विजय बोरा के अनुसार, सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से 262 से अधिक डेलीगेट्स शामिल हुए। युवा शोधार्थियों ने अपने क्लीनिकल वीडियो प्रेजेंटेशन और शोध पत्र प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डॉक्टरों को उनकी रिसर्च और वीडियो के लिए सम्मानित भी किया गया।

दिग्गज पदाधिकारियों ने साझा किया अनुभव

सम्मेलन को यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (USI) के अध्यक्ष डॉ. केशवमूर्ति रामैया, निर्वाचित सचिव डॉ. अनुप कुमार और डॉ. अपुल गोयल सहित डॉ. अनीश श्रीवास्तव, डॉ. मधुसूदन अग्रवाल और डॉ. अनुराग यादव जैसे वरिष्ठ विशेषज्ञों ने संबोधित किया। इन दिग्गजों ने अपनी केस स्टडीज के जरिए बताया कि आधुनिक तकनीकें कैसे मरीजों के लिए कम दर्दनाक और अधिक प्रभावी साबित हो रही हैं।

इस अवसर पर डॉ. नितिन गर्ग, डॉ. श्रेयांश चाहर सहित आगरा के कई वरिष्ठ व युवा चिकित्सक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस शैक्षणिक आदान-प्रदान को यूरोलॉजी के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि बताया।