मुंबई: पॉप म्यूजिक के दीवानों के लिए साल 2026 का सबसे बड़ा धमाका होने जा रहा है। ग्लोबल सनसनी और ‘हिप्स डोंट लाई’ फेम शकीरा पूरे 19 साल बाद भारत में अपनी लाइव परफॉर्मेंस से आग लगाने आ रही हैं। शकीरा इस बार न केवल मुंबई, बल्कि देश की राजधानी दिल्ली में भी कॉन्सर्ट करेंगी। यह दौरा ‘फीडिंग इंडिया’ (नॉन-प्रॉफिट ऑर्गनाइजेशन) की पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है।
तारीखें और वेन्यू: कब कहाँ मचेगा धमाल?
आयोजकों के मुताबिक, शकीरा का पहला धमाका 10 अप्रैल को मुंबई में होगा, जिसके बाद वह 15 अप्रैल को दिल्ली के फैंस से रूबरू होंगी। आखिरी बार शकीरा साल 2007 में अपने ‘ओरल फिक्सेशन टूर’ के लिए भारत आई थीं। अब करीब दो दशक बाद उनकी वापसी को लेकर फैंस में जबरदस्त क्रेज है।
कितनी है टिकटों की कीमत?
शकीरा को लाइव देखना आपकी जेब पर थोड़ा भारी पड़ सकता है। मुंबई कॉन्सर्ट के लिए टिकटों की श्रेणियां इस प्रकार हैं:
प्रीमियम (HSBC स्टारस्ट्रक लाउंज): ₹32,000 (इसमें VIP सुविधाएं और फैन पिट एंट्री शामिल है)।
प्लैटिनम लाउंज: ₹24,500
VIP सेक्शन: ₹14,500
जनरल एडमिशन (शुरुआती कीमत): ₹6,000
दिल्ली में भी कीमतों का स्तर लगभग समान है, जहाँ सबसे महंगे टिकट की कीमत करीब ₹30,500 रखी गई है। प्रीमियम टिकट खरीदने वालों को वेन्यू तक शटल सर्विस, कॉम्प्लिमेंट्री फूड और बेवरेज के साथ स्टेज के बिल्कुल करीब खड़े होने का मौका मिलेगा।
शकीरा ने क्या कहा?
तीन दशकों से म्यूजिक इंडस्ट्री पर राज कर रहीं शकीरा अपनी इस वापसी को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने एक संदेश में कहा, “भारत में परफॉर्म करना हमेशा से खास रहा है। मुंबई और दिल्ली के फैंस के साथ दोबारा जुड़ना मेरे लिए एक यादगार लम्हा होगा।” उम्मीद की जा रही है कि उनके ‘वाका-वाका’ और ‘शी वुल्फ’ जैसे सुपरहिट गानों पर पूरा भारत झूम उठेगा।

