​”सपा एक श्राप है, जब भी सत्ता में आई तबाही ही लाई”: गोंडा में 520 करोड़ की सौगातों के साथ सीएम योगी का तीखा हमला

Regional

गोंडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा जनपद के मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित भव्य जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘समाजवादी पार्टी एक श्राप की तरह है, जब भी सत्ता में आई, उसने केवल तबाही और बदहाली मचाई।’ इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोंडा जिले को बड़ी सौगात देते हुए 520 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 69 विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने 10 साल पहले के गोंडा की स्थिति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब गोंडा से देवीपाटन स्थित मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ पहुंचने में ही ढाई से तीन घंटे लग जाते थे। सड़कें बदहाल थीं, कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी और बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा हमेशा खतरे में रहती थी। लेकिन आज उत्तर प्रदेश में सुरक्षा और सुशासन के कारण पूरी तस्वीर बदल चुकी है।

​”देश के सबसे गंदे और पिछड़े जिलों में होती थी गिनती”

​मुख्यमंत्री ने अतीत की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक समय गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जैसे जिलों की पहचान केवल पिछड़ेपन और अज्ञात बीमारियों से होती थी। वर्ष 2016 के स्वच्छता सर्वेक्षण में गोंडा का नाम देश के सबसे गंदे शहरों की सूची में आया था। तत्कालीन सरकारों में गरीबों के बच्चों और नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था लागू कर नकल माफिया के काले कारोबार पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

​”दुर्गा पूजा के पंडालों पर रोक लगाने वाले आज राम मंदिर देख रहे हैं”

सीएम योगी ने धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सपा सरकार में देवीपाटन मंडल में दुर्गा पूजा के पंडालों को लेकर बेवजह विवाद खड़े किए जाते थे। लोगों को अपने घरों तक में पूजा-अर्चना करने की अनुमति नहीं मिलती थी और आयोजनों पर प्रशासनिक रोक लगा दी जाती थी।

अयोध्या आंदोलन की ऐतिहासिक कड़ियों को जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “2 नवंबर 1990 को तत्कालीन सपा सरकार के दौरान अयोध्या में निहत्थे रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। लेकिन आज हमारी भाजपा सरकार में उन्हीं रामभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाती है और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का सपना साकार हो चुका है।”

अयोध्या-गोंडा मार्ग चौड़ीकरण को मिली केंद्र से हरी झंडी

समारोह में विकास कार्यों का ब्योरा देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने गोंडा में राजा देवी बक्स सिंह और बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कराया है। इसके साथ ही बलरामपुर में विश्वविद्यालय की स्थापना का रास्ता साफ हो चुका है, जिससे पूरे देवीपाटन मंडल के युवाओं को मूल्यपरक उच्च शिक्षा मिलेगी।

सीएम योगी ने घोषणा की कि 7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले भव्य ‘दीपोत्सव’ के दीपों की आभा गोंडा तक पहुंचेगी। गोंडा से अयोध्या के बीच सड़क के चौड़ीकरण (फोरलेन) की महत्वाकांक्षी योजना को केंद्र सरकार से आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है। इस मार्ग के तैयार होने के बाद गोंडा से अयोध्या के बीच की दूरी और आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल में हुए चर्चित खाद्यान्न घोटाले पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब विकास और माफियाराज के फर्क को अच्छी तरह समझ चुकी है।