ट्रम्प की धमकी से बढ़ी बैचेनी, ईरान में भारतीयों के लिए ‘इमरजेंसी’ एडवाइजरी जारी, 48 घंटे तक सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह

National

​तेहरान/नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दी गई भीषण हमले की धमकी के बाद भारत सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। ईरान की राजधानी तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक आपातकालीन ‘एडवाइजरी’ जारी की है। दूतावास ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगले 48 घंटों तक कोई भी भारतीय नागरिक अपने घर या सुरक्षित स्थान से बाहर न निकले।

​सैन्य ठिकानों और ऊंची मंजिलों से दूर रहने की सलाह

खाड़ी क्षेत्र में युद्ध के गहराते बादलों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों को सुरक्षा के कड़े प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा है। एडवाइजरी में विशेष रूप से जोर दिया गया है कि लोग बिजली संयंत्रों (Power Plants), सैन्य प्रतिष्ठानों और रणनीतिक ठिकानों से उचित दूरी बनाए रखें। इसके साथ ही बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को निचली मंजिलों या सुरक्षित कमरों में रहने की सलाह दी गई है ताकि हवाई हमलों की स्थिति में जोखिम कम किया जा सके।

​दूतावास की टीमों के साथ रहें निरंतर संपर्क में

तेहरान स्थित दूतावास ने उन भारतीयों के लिए भी निर्देश जारी किए हैं जो दूतावास द्वारा बुक किए गए होटलों में ठहरे हुए हैं। उन्हें होटल परिसर के अंदर ही रहने और वहां तैनात दूतावास की ‘रिस्पॉन्स टीमों’ के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने को कहा गया है। भारत सरकार स्थिति पर पल-पल की नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

​इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर्स और संपर्क विवरण

किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने विशेष हेल्पलाइन नंबर और ईमेल आईडी जारी की है, जो 24×7 सक्रिय रहेंगे:

​आपातकालीन मोबाइल नंबर:

​+989128109115
​+989128109102
​+989128109109
​+989932179359

आधिकारिक ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in