फिल्म “चक्कर चवन्नी का” का ट्रेलर लॉन्च, हास्य और रहस्य का अनोखा तड़का; 6 फरवरी को होगी रिलीज

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग)। हिंदी सिनेमा में जब कोई नया नाम जुनून, आस्था और रचनात्मकता के साथ कदम रखता है, तो उसका सफर अपने आप में खास बन जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा मुंबई के इम्पा थिएटर में देखने को मिला, जहां हिंदी फिल्म “चक्कर चवन्नी का” का ट्रेलर लॉन्च बड़े उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में फिल्म से जुड़े कलाकारों और तकनीकी टीम की मौजूदगी ने माहौल को और भी खास बना दिया।

फिल्म के निर्माता और लेखक डॉ. अरविंद दीक्षित हैं, जबकि सह-निर्माता के रूप में श्रीमती रामा दीक्षित ने सहयोग किया है। निर्देशन की कमान डी. पी. सिंह (देव) ने संभाली है, जो इससे पहले हिंदी फिल्म “बेलगाम” का निर्देशन कर चुके हैं। दीक्षित फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनी यह फिल्म अपने अनोखे नाम की तरह ही कहानी और प्रस्तुति में भी एक नई ताजगी का एहसास कराती है।

ट्रेलर में कॉमेडी के साथ रहस्य का तड़का

ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म की कॉमिक टोन, रहस्यमयी मोड़ और तेज़ रफ्तार घटनाक्रम ने दर्शकों का ध्यान खींचा। ट्रेलर देखकर साफ हो गया कि यह फिल्म सिर्फ हंसाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रहस्य और भावनात्मक पहलू भी मजबूत तरीके से बुने गए हैं।

इस मौके पर साउथ की जानी-मानी अभिनेत्री सांची राय विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने ट्रेलर की खुलकर सराहना करते हुए फिल्म की टीम को शुभकामनाएं दीं। वहीं, डिजी फिल्मिंग के समर के. मुखर्जी को फिल्म निर्माण में अहम सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद भी दिया गया।

दमदार स्टारकास्ट, दीपू श्रीवास्तव ने जमाया रंग

फिल्म की स्टारकास्ट में प्रिओम गुज्जर, जान्हवी चौहान, जाहिद एम शाह, सुनीता चौहान, रमेश गोयल, दीपू श्रीवास्तव, राज मल्होत्रा, अंजुम खान, नवीन स्टीफन और रिंकू रंगीला जैसे कलाकार शामिल हैं।

ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में कॉमेडियन दीपू श्रीवास्तव ने मंच पर अपनी चुटीली कॉमेडी से सभी को खूब हंसाया और माहौल को हल्का-फुल्का व मनोरंजक बना दिया। साथ ही, उनके फिल्मी किरदार को लेकर दर्शकों में उत्सुकता भी नजर आई।

तकनीकी टीम ने संभाली मजबूत कमान

फिल्म के तकनीकी पक्ष को भी मजबूत बनाया गया है।

सिनेमैटोग्राफी: अकरम खान
संपादन: मोहम्मद सोहेल
संगीत: जे.के. आज़मी और पी मैक्स
बीजीएम: प्रियराज मंडल
डीआई: अशोक वर्मा

फिल्म के संवादों में भी गहराई और दर्शन की झलक देखने को मिलती है। खासतौर पर एक पंक्ति “प्रभु भाव के भूखे हैं, घी के नहीं” दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है और फिल्म के संदेश को प्रभावशाली बनाती है।

सीमित संसाधनों में बड़ा सपना

निर्माता डॉ. अरविंद दीक्षित ने कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह फिल्मी दुनिया में उनका पहला कदम है। उन्होंने बताया कि एक कॉलेज के प्रधानाचार्य और हिंदी साहित्य के प्रवक्ता होने के बावजूद उन्होंने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में भी फिल्म बनाने का साहस किया।

उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग राजस्थान की तपती धूप में 11 सितंबर से शुरू हुई थी और पूरी टीम के समर्पण ने इस प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया।

वहीं निर्देशक देव जी ने कहा कि निर्माता की ओर से मिली रचनात्मक स्वतंत्रता और पूरी टीम के सहयोग ने फिल्म को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

6 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक

“चक्कर चवन्नी का” हास्य, रहस्य और भावनाओं का अनोखा संगम पेश करने वाली फिल्म है, जो दर्शकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आने वाली है। यह फिल्म 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।

आगे भी तैयार हैं कई फिल्में

गौरतलब है कि निर्माता डॉ. अरविंद दीक्षित की आने वाली फिल्मों “धन्य धेनु”, “पलक पुतली”, “ढैया” और “भोला” की स्क्रिप्ट भी तैयार है। बताया गया कि मार्च 2026 से फिल्म “धन्य धेनु” की शूटिंग शुरू होगी।

यह पूरा सफर बताता है कि जब जुनून सच्चा हो, तो चवन्नी भी पूरे चक्कर लगाकर बड़े पर्दे तक पहुंच सकती है।