हिमाचल प्रदेश के सोलन में दर्दनाक सड़क हादसा, 5 लोगों की मौके पर ही मौत

Regional

दो घायल मजदूर पीजीआई रेफर

यह हादसा कालका-शिमला नेशनल हाइवे पर हुआ है। हादसे में पांच प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, चार घायल हो गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर ले जाया गया। जहां से एक मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

जानकारी के अनुसार इनोवा टैक्सी सोलन से परवाणू की तरफ जा रही थी। सुक्की जोहड़ी के समीप तेज रफ्तार इनोवा ने हाइवे के किनारे पैदल चल रहे 9 मजदूरों को रौंद दिया। इसके बाद गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा को दी। मजदूर यूपी के कुशीनगर और बिहार के छपरा जिले के रहने वाले हैं। हादसे के बाद विधायक विनोद सुल्तानपुरी मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान गुडू यादव, राजावर्मा, निप्पु निसाद, मोती लाल यादव, सन्नी देवल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह सभी लोग मजदूरी करते थे। वहीं हादसे को अंजाम देने वाली इनोवा गाड़ी नम्बर एचपी 02ए 1540 के चालक की पहचान राजेश पुत्र प्रेम खरोली पोस्ट ऑफिस गड़खल तहसील कसौली के रूप में हुई है। अतिक्ति पुलिस अधीक्षक अषोक कुमार राणा ने मामले की पुष्टि की है।

Compiled: up18 News