बैग खोने से ताजमहल देखने आए पर्यटक हुए मायूस, आगरा पुलिस ने बैग ढूंढ पर्यटकों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजमहल देखने आए तीन पर्यटकों के लिए साल 2022 बुरा जाता, इससे पहले ही आगरा पुलिस ने पर्यटकों के 2022 के आखिरी दिन को खुशनुमा बना दिया। आगरा पुलिस के प्रयासों से पर्यटकों का छूटा बैग उन्हें वापस किया। इस बैग में बेहद कीमती सामान था। बैग छूट जाने से तीनों पर्यटकों के होश उड़ गए थे। पर्यटक तुरंत पुलिस के पास पहुँचे और उन्हें पूरी घटना बताई, जिसके बाद आगरा पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उनका बैग ढूंढ निकाला और पर्यटकों के चेहरे पर मुस्कान लौटाई।

प्रयागराज से आए थे पर्यटक

शनिवार शाम को प्रयागराज से तीन दोस्त फैजान, अनिल और संदीप कुशवाह ताजमहल घूमने के लिए आये थे। ताजमहल में प्रवेश के दौरान जल्दबाजी में संदीप का बैग ताजमहल के पश्चिमी गेट के एंट्री पॉइंट पर छूट गया। ताजमहल भ्रमण के बाद उन्हें बैग एंट्री गेट पर छूट जाने की जानकरी हुई। बैग में बेहद कीमती सामान होने से सभी परेशान हो गए।

पर्यटन पुलिस से की शिकायत

बैग न मिलने पर परेशान पर्यटकों ने पर्यटन पुलिस से शिकायत की। पर्यटन थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रक्षपाल सिंह और कांस्टेबल अब्दुल वारिस ने तुरंत कार्यवाही शुरू कर दी। पर्यटन पुलिस की तत्परता के चलते पर्यटक का खोया हुआ बैग वापस मिल गया। पर्यटन पुलिस ने पर्यटक संदीप को बैग वापस किया। बैग को देखकर तीनों के चेहरे पर मुस्कान वापस लौट आई। संदीप, अनिल और फैजान ने दोनों पुलिसकर्मी को धन्यवाद दिया और हैप्पी न्यू ईयर भी बोला।

पर्यटक संदीप ने बताया कि वह नववर्ष को मनाने के लिए अपने दोस्तों के साथ आगरा ताजमहल भ्रमण के लिए आया था। ईदगाह बस स्टैंड के पास एक होटल में सभी दोस्त रुके थे। शनिवार को उन्होंने ताजमहल का भ्रमण किया। साल के आखिरी दिन था इसलिए ताजमहल पर बहुत भीड़ थी।

इसी वजह से हड़बड़ाहट में ताजमहल के पश्चिमी गेट के एंट्री प्वाइंट पर ही छूट गया। बैग खो जाने की वजह से तीनों दोस्त बेहद परेशान थे, लेकिन आगरा पुलिस ने सही सलामत उनका बैग उनके हवाले किया, तो उन्हें बेहद खुशी हुई। संदीप कहते हैं कि आगरा पुलिस की वजह से उनका 2022 भी बुरी यादों के साथ नहीं बीता और न्यू ईयर भी हैप्पी हो गया।