कोटा/मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के हाई-प्रोफाइल मामले में राजस्थान पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये सभी आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे।
पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से धरे गए आरोपी
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को इनपुट मिला था कि टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले से जुड़े संदिग्ध आरोपी एक ट्रेन में सफर कर रहे हैं। इसके बाद कोटा पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई। पुलिस टीम ने कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में गहन तलाशी अभियान चलाया और तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
कोटा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्विनी गौतम ने मीडिया को जानकारी दी कि सूचना मिलने के मात्र 15 मिनट के भीतर ही पुलिस टीम ने ट्रेन की सघन जांच पूरी कर तीनों को अपनी हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों में दो हरियाणा के और एक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है।
नेपाल भागने का था प्लान और लॉरेंस गैंग से कनेक्शन
पुलिस की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से जयपुर जा रहे थे। जयपुर पहुँचने के बाद उन्हें बस के जरिए दिल्ली जाना था और फिर वहाँ से नेपाल सीमा पार कर फरार होने की पूरी योजना थी।
इस पूरे मामले में कुख्यात लॉरेंस गैंग के गुर्गे अनिल पंडित की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि क्या अनिल पंडित ने ही इस वारदात को अंजाम देने के लिए इन्हें कॉन्ट्रैक्ट दिया था। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि इस साजिश के पीछे के मुख्य मास्टरमाइंड और अन्य सहयोगियों के नाम सामने आ सकें।
फायरिंग में टाइगर श्रॉफ और ड्राइवर को आई थीं चोटें
गौरतलब है कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई इस फायरिंग की घटना में गनीमत यह रही कि गोली सीधे उन्हें नहीं लगी, लेकिन वाहन के शीशे टूटने और बारूद के संपर्क में आने से टाइगर श्रॉफ के बाएं हाथ में चोटें आईं। इसके अलावा, घटना के वक्त गाड़ी चला रहे उनके ड्राइवर को भी शीशे के टुकड़े लगने से चोटिल होने की बात सामने आई थी।
आरोपी के परिजनों का बयान
इस मामले में गिरफ्तार बताए जा रहे एक आरोपी रेहान के पिता रिशुद्दीन ने मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए बताया कि उनका बेटा कई साल पहले घर से वेल्डिंग का काम सीखने की बात कहकर निकला था। पारिवारिक विवाद के चलते रेहान की माँ पिछले करीब 10 वर्षों से अलग रह रही हैं और रेहान उनके साथ ही रहता था। बहरहाल, पुलिस अब इन तमाम पहलुओं, आरोपियों के आपराधिक इतिहास और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है ताकि इस संगीन मामले की तह तक पहुँचा जा सके।
