इस बार बीजेपी के मार्गदर्शक मंडल का होगा विस्तार, हेमा मालिनी सहित क़ई बड़े नेता भी हो सकते हैं हिस्सा

अन्तर्द्वन्द

अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके संतोष गंगवार 1 नवंबर 1948 को पैदा हुए। इस हिसाब से अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में उनकी उम्र 75 साल से ज्यादा हो जाएगी। ऐसे में बरेली से सांसद संतोष गंगवार को भाजपा इस बार टिकट देगी या नहीं, इस पर संशय है। इस क्रम में दूसरा नाम रीता बहुगुणा जोशी का है। 22 जुलाई 1949 को जन्मी जोशी अगले साल जुलाई में 75 साल की हो जाएंगी। ऐसे में उन्हें भी 75 पार नेताओं की ही लिस्ट में रखा जा सकता है। उनकी जगह पर योगी सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी को लोकसभा चुनाव लड़ाने की चर्चाएं भी जोरों पर हैं ही।

उत्तर प्रदेश के कानपुर से सांसद सत्यदेव पचौरी 76 साल के हैं। 12 अगस्त 1947 को जन्मे पचौरी उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं। डुमरियागंज से सांसद जगदंबिका पाल अगले साल 74 साल के होंगे। बुजुर्ग नेताओं की लिस्ट में वह भी शामिल हैं। ऐसे में उनके टिकट पर भी संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। 16 October 1948 को जन्मी फिल्म एक्ट्रेस और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी 75 साल की हैं। अगले साल अक्टूबर में वह 76 साल की होंगी।

मेरठ के सांसद राजेंद्र अग्रवाल भी इस लिस्ट में शामिल हैं। उनकी उम्र 72 साल है। फिरोजाबाद सांसद चंद्रसेन जादौन (73 वर्ष), देवरिया सांसद रमापति राम त्रिपाठी (72 साल) भी इस लिस्ट में शामिल हो सकते हैं। इतना ही नहीं, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी 72 साल के हैं। ऐसे में उन्हें लेकर भी पार्टी कोई बड़ा फैसला ले सकती है। हालांकि, बीजेपी की ओर से इस संबंध में कोई पुष्टि जारी नहीं की गई है। ये भी हो सकता है कि नए सियासी माहौल और ताजा रणनीति के आधार पर बीजेपी अपने इस नियम पर थोड़ा लचीला रुख अपनाए।

Compiled: up18 News