दिल्ली-आगरा के बीच एक और वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल होगा

स्थानीय समाचार

दिल्ली-आगरा रेल खंड पर एक और वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल होने जा रहा है। यह ट्रायल मई माह के पहले या चौथे सप्ताह में होगा। इस ट्रेन को 150 से 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया जाएगा। दिल्ली रेल खंड की क्षमता को बढ़ाया जा रहा है। आने वाले दिनों में इस खंड में ट्रेनें 200 किमी प्रति घंटा से अधिक से चल सकेंगी। दिल्ली खंड पर अब तक वंदे भारत के दो ट्रायल हो चुके हैं। पहला ट्रायल सितंबर, 2022 में हुआ था।

सेमी हाईस्पीड ट्रैक में अधिकतम 190 किमी प्रति घंटा की गति से ट्रेनें चल सकती हैं। देश में अभी 11 वंदे भारत चल रही हैं। 12वीं वंदे भारत अजमेर रेल खंड पर चलने जा रही हैं। 13वीं और 14वीं वंदे भारत का ट्रायल चल रहा है। यह ट्रायल अलग-अलग रेल खंड में हो रहा है। इन्हीं में से एक वंदे भारत का ट्रायल दिल्ली से आगरा रेल खंड में होगा।

एक रेलवे अधिकारी ने बताया कि ट्रेनों के ट्रायल के लिए दिल्ली खंड सबसे अच्छा ट्रैक है। इसी के चलते गतिमान एक्सप्रेस का ट्रायल वर्ष 2016 में किया गया था। पहली वंदे भारत का ट्रायल सितंबर 2022 और दूसरी वंदे भारत का मार्च 2023 में किया गया।