आगरा: यमुना पार में सट्टे के पैसे को लेकर दो बुकी में हुआ विवाद, चौकी पर चलती रही पंचायत

Crime

आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की ट्रांस यमुना कॉलोनी में रविवार सुबह दो बुकी आपस में सट्टे के रुपये को लेकर भिड़ गए। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई जिसके बाद सूचना पर पुलिस आ गई। क्षेत्रीय चौकी से पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को ट्रान्स यमुना चौकी पर ले आई और करीब 1 से 2 घंटे तक चौकी पर ही समझौते की कोशिश की गई लेकिन उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आने पर दोनों बुकी को थाने भेज दिया गया। सूत्रों की मानें तो ये दोनों युवक ट्रांस यमुना कॉलोनी के बड़े बुकी हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों बुकी से पूछताछ की जा रही है और उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रांस यमुना कॉलोनी में लंबे समय से आईपीएल शुरू होते ही बुकी एक्टिव हो जाते हैं। ट्रांस यमुना कॉलोनी में यूं तो कई सारे बड़े बुकी हैं जो युवाओं को सट्टे के अंधकार में धकेलते हैं लेकिन रविवार सुबह दो बुकियों की रार लोगों के बीच पहुँच गयी।

ये दोनों बुकी ट्रान्स यमुना कॉलोनी फेस वन के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि इन दोनों में सट्टे के लाखों रुपये को लेकर विवाद चला आ रहा था जिसके चलते एक बुकी दूसरे बुकी के घर पहुंच गया और उससे अपने सट्टे के पैसे मांगने लगा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में काफी विवाद हुआ। जिसके बाद यह पूरा माजरा ट्रांस यमुना कॉलोनी के मुख्य बाजार में स्थित सभी लोगों ने देखा। हंगामे की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों बुकी को ट्रांस यमुना चौकी ले आई। सूत्रों की मानें तो करीब 1 से 2 घंटे तक ट्रांस यमुना चौकी में ही दोनों बुकी के मामले को सुलझाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन जैसे ही चौकी पर पुलिस के एक उच्च अधिकारी का फोन पहुंचा तो दोनों बुकी को पुलिस थाना एत्माद्दौला ले आई।

सूत्रों के अनुसार थाना एत्माद्दौला पहुंचने के बाद दोनों बुकी के परिजन मामले को निपटाने के लिए काफी जद्दोजहद करते रहे लेकिन उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला होने के चलते उनकी सभी कोशिशें नाकाम हो गई।

सूत्रों की मानें तो यह दोनों युवक ट्रांस यमुना कॉलोनी के बड़े बुकी हैं और कई सालों से सट्टे की गद्दी चलाते हैं। कॉलोनी और आसपास के तमाम नवयुवक इन दोनों बुकिंग की गद्दी पर सट्टा खेलते हैं। इसमें एक बुकी के पिता बड़े चाँदी व्यापारी हैं। वहीं दूसरा बुकी पंसारी का काम करता है।

क्षेत्राधिकारी छत्ता सुकन्या शर्मा ने बताया कि दो लोगों को पुलिस ने सट्टे के पैसे के लेनदेन में लड़ाई के दौरान गिरफ्तार किया है और अभी उनसे पूछताछ चल रही है। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।