सिनेमाघरों में गूंजेगा देशभक्ति का जयघोष: ‘द रिटर्न ऑफ द आर्मी मैन’ का ट्रेलर लॉन्च, 6 फरवरी को बड़े पर्दे पर होगी रिलीज

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग)। जब सिनेमा देशभक्ति की भावना से जुड़ता है, तो वह सिर्फ मनोरंजन नहीं रह जाता, बल्कि दर्शकों के जज़्बातों से जुड़ जाता है। ऐसी ही जोशीली पेशकश है हिंदी एक्शन फिल्म “द रिटर्न ऑफ द आर्मी मैन”, जिसका ट्रेलर लॉन्च होते ही चर्चा में आ गया है। फिल्म में दमदार एक्शन, तीखे संवाद और राष्ट्रप्रेम का रंग साफ नजर आता है।

मुंबई के वेदा कुंबा थिएटर में आयोजित कार्यक्रम में फिल्म का म्यूजिक और ट्रेलर लॉन्च किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस आयोजन में फिल्म से जुड़े कलाकारों और मेहमानों की मौजूदगी ने माहौल को खास बना दिया। ट्रेलर जैसे ही स्क्रीन पर आया, थिएटर तालियों और सीटियों से गूंज उठा।

ट्रेलर में ‘सीटीमार’ डायलॉग्स ने खींचा ध्यान

ट्रेलर में देशभक्ति के साथ जबरदस्त एक्शन और डायलॉग्स दर्शकों को प्रभावित करते नजर आए। फिल्म के हीरो नय्यूम खान के संवाद“तुम्हारे बाप का बाप टाइगर” और “हाथ के साथ कंधा भी उखाड़ देंगे” ट्रेलर की सबसे ज्यादा चर्चा में रहे।

म्यूजिक भी फिल्म की बड़ी ताकत

फिल्म का संगीत भी इसकी खासियत बताया जा रहा है। लॉन्च के दौरान रोमांटिक गीत “हम तेरे हो गए” भी दिखाया गया, जिसमें नय्यूम खान का अभिनय दर्शकों को पसंद आया। फिल्म नयूम खान फिल्म एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी है और इसकी टैगलाइन है “छीन ले दुश्मन का सुख चैन – द रिटर्न ऑफ द आर्मी मैन”, जो फिल्म के तेवर को साफ तौर पर दर्शाती है।

नय्यूम खान निर्माता भी, हीरो भी

फिल्म का निर्देशन 30 वर्षों के अनुभव वाले बाबू भट्ट ने किया है। वहीं नय्यूम खान इस फिल्म में निर्माता और हीरो दोनों भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की स्टारकास्ट में मनोज जोशी, गोविंद नामदेव, शहबाज़ खान, बाहुबली फेम विलेन प्रभाकर, मुकेश भट्ट, ज्ञान प्रकाश और शालिनी चौहान जैसे कलाकार शामिल हैं।

ट्रेलर लॉन्च के दौरान नय्यूम खान भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उन्होंने देश की सेना को समर्पित की है और इसकी कहानी कहीं न कहीं पहलगाम मामले और ऑपरेशन सिंदूर से प्रेरित है। उन्होंने अपने परिवार और सह-कलाकारों का भी आभार जताया।

निर्देशक बोले- यह सिर्फ एक्शन फिल्म नहीं

निर्देशक बाबू भट्ट ने कहा कि “आर्मी मैन” केवल एक एक्शन फिल्म नहीं है, बल्कि यह देशभक्ति का संदेश देने वाली कहानी है, जो बताती है कि देश पर बुरी नजर डालने वालों का अंजाम हमेशा बुरा होता है। फिल्म की शूटिंग उदयपुर और मुंबई में 45 दिनों में पूरी की गई है। इसे हिंदी के साथ तीन अन्य भाषाओं में भी डब किया गया है।

वहीं अभिनेता शहबाज़ खान ने कहा कि देश के लिए बनी फिल्मों में काम करने से कलाकार के अंदर अलग ऊर्जा आती है और इस फिल्म में उनका पुलिस अधिकारी का किरदार दर्शकों को पसंद आएगा।

6 फरवरी को ऑल इंडिया रिलीज

देशभक्ति और एक्शन से भरपूर फिल्म “द रिटर्न ऑफ द आर्मी मैन” को 6 फरवरी को ऑल इंडिया रिलीज किया जाएगा। फिल्म को लेकर ट्रेलर लॉन्च के बाद दर्शकों में उत्सुकता बढ़ती नजर आ रही है।