राष्ट्रपति ने कहा, गुरुदेव टैगोर ने भारत की कल्पना ज्ञान के प्रमुख स्रोत के तौर पर की थी

Exclusive

केंद्रीय विश्वविद्यालय की विजिटर मुर्मू ने यह भी कहा कि उन्हें कई शिक्षण और प्रतिष्ठित संस्थानों का दौरा करने का सौभाग्य मिला है, लेकिन विश्व भारती का उनका पहला दौरा बहुत खास है क्योंकि यह दुनिया के सबसे महान विचारकों में से एक की स्मृति से जुड़ा है।

उन्होंने कहा, ‘‘गुरुदेव ने भारत की कल्पना ज्ञान के प्रमुख स्रोत के तौर पर की थी…।’’ उन्होंने कहा कि विश्व भारती की स्थापना इसी सिद्धांत के आधार पर की गई थी।

मुर्मू ने यह भी कहा कि भारत और पड़ोसी देश बांग्लादेश के राष्ट्रगान क्रमशः ‘जन गण मन’ और ‘आमार शोनार बांग्ला’ टैगोर द्वारा रचित हैं। राष्ट्रपति ने एक दिन पहले कोलकाता में टैगोर के पैतृक स्थान जोरासांको ठाकुरबारी के अपने दौरे को भी याद किया और कहा कि यह तीर्थयात्रा से कम नहीं था।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘टैगोर ने विश्व भारती की स्थापना के सपने को साकार करने के लिए यहां (बोलपुर गांव) आने के लिए शहरी जीवन की सुख-सुविधाओं को छोड़ दिया था, जब यह एक दूरस्थ क्षेत्र था…युवा छात्रों को सपनों को पूरा करने के उनके रास्ते का अनुसरण करना चाहिए।’’

टैगोर नोबेल पुरस्कार से सम्मानित एशिया के पहले व्यक्ति थे। उन्होंने 1921 में विश्वभारती की स्थापना की थी। इसे 1951 में संसद के एक अधिनियम द्वारा एक केंद्रीय विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित किया गया था। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस और कुलपति बिद्युत चक्रवर्ती ने भी वर्ष 2022 के दीक्षांत समारोह में डिग्री लेने आए छात्रों को संबोधित किया।

Compiled: up18 News