रूस में बगावत, राजधानी मास्‍को की ओर बढ़े 25 हजार वैगनर विद्रोही, रूसी सेना के हेलीकॉप्टरों ने वैगनर बलों पर गोलीबारी की

Exclusive

रूस से एक बड़ी खबर सामने आई है। कभी रूसी राष्ट्रपति का शेफ रहे वैगनर ग्रुप के मुखिया येवगेनी प्रिगोझिन ने अपने मालिक के खिलाफ ही हथियार उठा लिया है और पुतिन को धमकी दे डाली है कि आपका बहुत जल्द ही तख्तापलट होगा। वैगनर ग्रुप पुतिन को घेरने के लिए रूस की राजधानी मॉस्को की ओर तेजी से बढ़ रहा है। जानकारी के मुताबिक, येवगेनी ने रूस की शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन पर कब्जा कर लिया है। जिसको देखते हुए पुतिन ने सेना को आदेश दिया है कि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करो। इसके अलावा मॉस्को की ओर वैगनर समूह को बढ़ता देख रूसी सेना ने राजधानी की सड़कों पर टैंक और बख्तरबंद गाड़ियां उतारनी शुरू कर दी हैं ताकि ऐसी कोई स्थिति बनती है तो येवगेनी के समूह से लड़ा जा सके।

वैगनर ग्रुप के मुखिया येवगेनी प्रिगोझिन ने टेलीग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वो कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि, समूह के लड़ाके रोस्तोव-ऑन-डॉन पर कब्जा कर चुके हैं। जिले के दक्षिणी मुख्यालय में सारे लड़ाके मौजूद हैं। वीडियो में वैगनर समूह ने दावा किया जिले के मिलिट्री बेस पर कब्जा हो चुका है। जब तक रूस के रक्षा प्रमुख शोइगु और गेरासिमोव खुद उनसे मिलने नहीं आते तब तक उनके लोग शहर रोस्तोव-ऑन-डॉन की नाकेबंदी करके रखेंगे। साथ ही लड़ाके निरंतर राजधानी मॉस्को की ओर बढ़ते रहेंगे। इस शहर में वैगनर ग्रुप का कब्जा देख सेना के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वो अपने घर में ही रहे, बाहर न निकलें।

यह पहली बार नहीं है जब रूस के शहर रोस्तोव कोई जंग देख रहा है। आज से ठीक 82 साल पहले भी यह शहर जंग देख चुका है। साल 1941 में बैटल युद्ध की वजह से लोग अपने घरों में कैद हो चुके थे। कई लोग हथियार लेकर सड़कों पर खुलेआम घूम रहे थे। जिसमें न जाने कितनों की जान गई थी।

प्रिगोझिन का दावा है कि उनके पास 25,000 सैनिक हैं, जिनमें से ज्यादातर कई महीनों से पूर्वी यूक्रेन में भीषण लड़ाई में शामिल रहे हैं। हाल के दिनों में प्रिगोझिन ने रोस्तोव और बेलगोरोड समेत रूस के सीमावर्ती इलाके से अपने सैनिकों को पीछे हटा लिया है। हालांकि ज्यादातर लड़ाके अभी भी राजधानी मॉस्को से दूर हैं। मॉस्को पहुंचने के लिए प्रिगोझिन और उनके सैनिकों को सैकड़ों किमी का सफर तय करना होगा। इसके अलावा उन्हें यह रास्ता स्पेशल आतंकवाद निरोधी दस्ते से बचते हुए पार करना होगा।

कथित तौर पर रूसी सेना ने वैगनर कैंप पर मिसाइल हमला किया है। उन्होंने इसके लिए क्रेमलिन को जिम्मेदार ठहराया है और जवाबी कार्रवाई करने की कसम खाई। इसके बाद शुक्रवार की देर रात, संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने वैगनर ग्रुप के सैनिकों से अपने ही लीडर को हिरासत में लेने का आग्रह किया है। रूसी राज्य टीवी ने भी रक्षा मंत्रालय के एक बयान की रिपोर्ट करने के लिए शुक्रवार रात प्रोग्रामिंग को बाधित कर दिया, इसमें दावा किया गया कि प्रिगोझिन की टिप्पणियां वास्तविकता के अनुरूप नहीं हैं और उनसे अवैध कार्यो को रोकने की मांग की गई थी। सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटनाक्रम के मद्देनजर, मॉस्को के आसपास और दक्षिण-पूर्व यूक्रेन के पास रोस्तोव शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।