मालियों ने ही बेच दी गुलशन की आबरू…राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सपा नेता पवन पांडेय ने शायराना अंदाज में सरकार पर साधा निशाना

Politics

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी और अनियमितताओं के मामले ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में उबाल ला दिया है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने सोशल मीडिया के माध्यम से योगी सरकार पर गंभीर तंज कसते हुए इसे आस्था और विश्वास के साथ बड़ा खिलवाड़ करार दिया है।

​शायराना अंदाज में सरकार पर तंज

पवन पांडेय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शायराना लहजे में सरकार को घेरा। उन्होंने लिखा “ख़ुद मालियों ने बेच दी गुलशन की आबरू, ऐसा तो कारोबार किसी ने नहीं किया। चुभने लगे जो ख़ार, तो शिकवा सभी को है, बोते समय किसी ने विचार नहीं किया।”

​इस कविता के माध्यम से उन्होंने परोक्ष रूप से मंदिर प्रबंधन और सरकारी व्यवस्था पर निशाना साधा कि जिन लोगों के कंधों पर मंदिर की सुरक्षा और मर्यादा की जिम्मेदारी थी, उन्होंने ही इसमें सेंध लगा दी।

संतों और धर्माचार्यों से हस्तक्षेप की अपील

पवन पांडेय ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि श्री राम मंदिर 140 करोड़ भारतीयों की आस्था का सर्वोच्च केंद्र है। उन्होंने देश के सभी परम पूज्य शंकराचार्यों, अयोध्या धाम के संत-महात्माओं और धर्माचार्यों से विनम्र निवेदन किया कि वे इस गंभीर विषय पर मौन तोड़ें।

उन्होंने संतों से मांग की कि वे आगे आकर अपनी आवाज बुलंद करें और ऐसी ठोस व्यवस्था की मांग करें ताकि भविष्य में प्रभु श्रीराम के मंदिर में इस तरह की कोई भी घटना दोबारा न हो।

​पारदर्शिता और सुरक्षा की मांग

सपा नेता ने जोर देकर कहा कि आस्था के इस केंद्र में किसी भी प्रकार की लूट, डकैती या अनियमितता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस कृत्य में संलिप्त दोषियों को न केवल तत्काल प्रभाव से मंदिर की व्यवस्था से बाहर किया जाए, बल्कि मंदिर प्रशासन को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं का विश्वास तभी अक्षुण्ण रह सकता है जब मंदिर की व्यवस्था पूरी तरह दोषमुक्त हो।

​राम मंदिर चढ़ावा मामले में विपक्ष की यह आक्रामक भूमिका और संतों को लामबंद करने की कोशिश, योगी सरकार के लिए आने वाले दिनों में और मुश्किलें खड़ी कर सकती है।