अतीक जैसा हाल होगा… शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को मिली हत्या की धमकी, गविष्ठी यात्रा से पहले मचा हड़कंप

Regional

वाराणसी/ज्योतिष्पीठ: ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की खौफनाक धमकी मिली है। अज्ञात हमलावरों ने ऑडियो मैसेज भेजकर दावा किया है कि शंकराचार्य का हश्र भी माफिया अतीक अहमद जैसा ही किया जाएगा।

इन मैसेजों में न केवल 33 बार भद्दी गालियों का प्रयोग किया गया है, बल्कि उनकी आगामी ‘गविष्ठी यात्रा’ के दौरान उन पर आत्मघाती हमले की चेतावनी भी दी गई है। बुधवार को ज्योतिष्पीठ की ओर से ये विवादित ऑडियो जारी कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।

ऑडियो में दी गई खौफनाक धमकियां

​ज्योतिष्पीठ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, धमकी देने वाले ने वॉयस मैसेज में कहा।”शंकराचार्य का टाइम नजदीक आ गया है। जैसे अतीक अहमद को मारा, वैसे ही उसको भी मारना है। बाद में सारी कहानी खत्म।”

“जहां वह यात्रा कर रहा है, वहीं बीच में खत्म हो जाएगा। मेरे जैसे लाखों लोग उसे मारने के लिए तैयार हैं, वह बचेगा नहीं।ऑडियो में शंकराचार्य के लिए ‘रेपिस्ट’ जैसे आपत्तिजनक शब्दों और गालियों का इस्तेमाल कर उन्हें चुप रहने की चेतावनी दी गई है।

धमकियों का सिलसिला: 1 से 6 अप्रैल के बीच हुई साजिश

​मामला 1 अप्रैल को तब शुरू हुआ जब ज्योतिष्पीठ के आधिकारिक नंबर पर पहला धमकी भरा संदेश आया। उस नंबर को ब्लॉक कर दिया गया, लेकिन 6 अप्रैल की रात करीब 10 बजे फिर से दो वॉयस मैसेज भेजे गए। आशंका जताई जा रही है कि उनके द्वारा चलाए जा रहे “गोमाता-राष्ट्रमाता” अभियान और गोरक्षा प्रयासों से कुछ असामाजिक तत्व नाराज हैं।

​3 मई से शुरू होनी है ‘गविष्ठी यात्रा’

शंकराचार्य 3 मई से उत्तर प्रदेश में अपनी “गविष्ठी यात्रा” शुरू करने वाले हैं। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को गौ-संरक्षण और गौधाम बनाने के प्रति जागरूक करना है। धमकी के बाद इस यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उनके समर्थकों ने मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है।

आशुतोष ब्रह्मचारी ने की गिरफ्तारी की मांग

​पूर्व में शंकराचार्य पर केस दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने भी इस मामले में कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी को जान से मारने की धमकी देना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि जिस नंबर से मैसेज आए हैं, उसे तत्काल ट्रेस कर दोषी को गिरफ्तार किया जाए ताकि समाज में भय का माहौल न बने।

ज्योतिषपीठ की मांग:

पीठ ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक धमकी नहीं, बल्कि देश की एक सर्वोच्च धार्मिक संस्था पर हमला करने की साजिश है। जिस राज्य और जिले से यह कॉल आई है, वहां की पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।