खुले आसमान के नीचे पार्टी प्लॉट में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा ने सभी को मंत्रमुग्ध किया
सूरत (गुजरात), अप्रैल 07: डिंडोली स्थित रोज बड्स स्कूल का वार्षिक महोत्सव ‘लक्ष्य 2026 – संस्कार से सफलता तक रविवार को डिंडोली में हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति, संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
हिंदू परंपरा के अनुसार गणपति बप्पा का ढोल- ताशा, नगाड़ा और लेज़ीम की धुनों के साथ आगमन हुआ, जिसके पश्चात दीप प्रज्वलन किया गया। इसने पूरे कार्यक्रम में ज्ञान, ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार किया। स्कूल के ट्रस्टी श्री राजेशभाई वालाकी ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छोटे-बड़े विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। साथ ही ऐसी नाटिकाएं प्रस्तुत कीं, जिन्होंने दर्शकों को एकाग्र कर दिया। देशभक्ति से ओतप्रोत एवं वर्तमान परिस्थितियों को दर्शाते कार्यक्रमों ने भी सभी का मन जीत लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और मेहनत ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं चेक देकर सम्मानित किया गया।
ट्रस्टी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के महत्व को समझाते हुए निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यह वार्षिक महोत्सव प्रतिभा, संस्कार और उत्कृष्टता का सुंदर संगम बनकर सभी के लिए यादगार साबित हुआ।

