आगरा। सामाजिक एकता, महिला सशक्तिकरण और नई पीढ़ी के प्रोत्साहन का अनूठा संगम रविवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित सेल्फी रेस्टोरेंट में देखने को मिला। अवसर था आगरा भार्गव महिला सभा के 74वें वार्षिक अधिवेशन का, जहाँ समाज की करीब 50 से अधिक सक्रिय महिलाओं ने अपनी उपस्थिति से आयोजन को यादगार बना दिया।
श्रीमती बृजेश भार्गव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल वर्ष भर की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, बल्कि समाज की विभिन्न प्रतिभाओं को मंच देकर सम्मानित भी किया गया।
सम्मान और परंपरा का संगम
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ समस्त पूर्व अध्यक्षों द्वारा गणेश प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। परंपरा का निर्वहन करते हुए सभी पूर्व अध्यक्षों का पटका पहनाकर अभिनंदन किया गया। अध्यक्ष श्रीमती बृजेश भार्गव ने समाज की महिलाओं को संगठित रहने और जनकल्याणकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा और मेधा को मिला प्रोत्साहन
अधिवेशन का मुख्य आकर्षण बच्चों और युवाओं का सम्मान रहा। ‘पुष्पा एवं पुरुष देव शिक्षा निधि’ के तहत 12वीं में 92.8% अंक प्राप्त करने वाली श्रेया भार्गव, उन्नति (10वीं), अक्षत (6वीं) समेत मानवी, हर्षित और आरुणि भार्गव को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए पुरस्कृत किया गया।
विशेष उपलब्धि के रूप में प्रथम प्रयास में सीए (CA) फाइनल उत्तीर्ण करने वाली कुमारी अनुकृति को सम्मानित कर समाज ने अपनी बेटी पर गर्व व्यक्त किया।
वरिष्ठजनों का वंदन और लाइफटाइम अचीवमेंट
संस्कारों की कड़ी को जोड़ते हुए ‘वृद्धजन सम्मान’ के तहत श्रीमती सरोज भार्गव का अभिनंदन किया गया। वहीं, समाज के प्रति दीर्घकालिक सेवाओं के लिए श्रीमती प्रतिमा को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली श्रीमती अल्पा और अंशु को भी विशेष पुरस्कार दिए गए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रतियोगिताएं
अधिवेशन में रचनात्मकता का भी भरपूर प्रदर्शन हुआ। दीया प्रतियोगिता में मीनाक्षी, राखी प्रतियोगिता में समता और निबंध प्रतियोगिता में श्रीमती कंचन व अलका ने बाजी मारी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन श्रीमती कविता और रितु ने किया, जबकि स्वाति की गणेश वंदना ने सभी का मन मोह लिया। सभा के दौरान आयोजित तंबोला खेल ने पूरे माहौल में उत्साह और ऊर्जा भर दी।
इनका रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन कुमारी निधि द्वारा किया गया। श्रीमती संगीता ने वार्षिक रिपोर्ट और दीप्ति ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। अधिवेशन के सफल आयोजन में श्रीमती अंजू, राजश्री, वंदना, रेनू, रुचि और पायल का विशेष योगदान रहा। अंत में श्रीमती संगीता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए अधिवेशन के समापन की घोषणा की।

