आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सवारियों से भरी स्लीपर बस पलटी, दस यात्री गंभीर घायल

Regional

आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर फिरोजाबाद जिले के नसीरपुर थाना क्षेत्र में स्लीपर बस पलट गई। हादसा 55 किलोमीटर के पास हुआ। बस डिवाइडर से टकराकर पलटी है। पुलिस ने बताया कि यह बस आजमगढ़ से दिल्ली जा रही थी। इसमें करीब 35 सवारियां थीं। बस के पलटते ही चीख पुकार मच गई। जानकारी पर आसपास के लोगों के अलावा पुलिस और यूपीडा के कर्मचारी पहुंचे।

दस यात्री गंभीर घायल

हादसे के बाद पुलिस ने लोगों की मदद से सवारियों को बाहर निकाला। इनमें दस की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। इन सभी घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि नींद की झपकी आने के कारण चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर अनियं​त्रित हो गई और पलट गई।

पुलिस के अनुसार घायलों में आदित्यवर्धन निवासी सेक्टर 16 फरीदाबाद, शेख फरीद निवासी आजमगढ़, सूर्यांश निवासी गाजियाबाद, गायत्री राय निवासी मोहम्मदपुर आजमगढ़, श्रीकांत यादव निवासी आजमगढ़, रेनू यादव, महिमा यादव निवासीगण आजमगढ़ हैं। इसके अलावा बस का चालक और परिचालक को भी चोटें आई हैं।