प्रतीक यादव की तेरहवीं में अपर्णा यादव की आंखों में छलके आंसू, CM योगी समेत तमाम दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

Regional

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित विक्रमादित्य मार्ग का आवास सोमवार को भारी गम और भावुकता का गवाह बना। यहाँ स्वर्गीय प्रतीक यादव की तेरहवीं का संस्कार संपन्न हुआ, जिसमें यादव परिवार के सदस्यों के साथ-साथ सत्ता और विपक्ष के तमाम बड़े राजनीतिक चेहरे एक साथ नजर आए।

भावुक हुईं अपर्णा यादव

कार्यक्रम के दौरान एक अत्यंत भावुक क्षण तब आया जब वहां मौजूद लोगों ने “प्रतीक भैया अमर रहें” के नारे लगाए। यह सुनकर अपर्णा यादव खुद को संभाल नहीं पाईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। गमगीन माहौल के बावजूद वे खुद अतिथियों के बीच जाकर आत्मीयता के साथ पूड़ियां बांटती नजर आईं। उन्होंने नम आंखों और हाथ जोड़कर सभी के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

दिग्गजों की उपस्थिति में नम हुई आंखें

प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने प्रतीक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और अपर्णा यादव व शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव और डिंपल यादव सहित यादव परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा में राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी का भी एक भावुक रूप देखने को मिला, जब उन्होंने स्वयं लोगों के बीच जाकर प्रसाद वितरण में सहयोग किया। इसके अतिरिक्त, प्रख्यात लोकगायिका मालिनी अवस्थी भी प्रतीक यादव को अंतिम नमन करने पहुँचीं।

​रामधुन के बीच प्रतीक यादव को विदाई

पूरे विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास परिसर में निरंतर रामधुन बजती रही, जिससे माहौल में एक शांति और दिव्यता बनी रही। प्रतीक यादव की स्मृति में पूरे शहर में शोक संदेश के होर्डिंग लगाए गए हैं, जो उनके चाहने वालों के बीच उनकी लोकप्रियता को दर्शाते हैं।

गौरतलब है कि महज 38 वर्ष की आयु में हार्ट अटैक के कारण प्रतीक यादव का असमय निधन हो गया था, जिसने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया था। 14 मई को बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार के बाद, अब तेरहवीं के अनुष्ठान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई है।