आगरा की ताजगंज पुलिस को बड़ी सफलता; बाइक चोर गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, 6 चोरी की हीरो स्प्लेंडर बरामद
आगरा। शहर में लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए ताजगंज थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने नगला मेवाती के पास से गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की 6 हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक, लॉक खोलने की 6 मास्टर चाबियां और 400 रुपये नकदी बरामद की है।
बरहन के रहने वाले हैं पांचों आरोपी
पुलिस द्वारा पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान बरहन (आगरा) निवासी उदय, अजय, उपदेश, चन्द्र उदय और हिमांशू के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर पहले खड़ी गाड़ियों की रेकी करता था और फिर मौका मिलते ही विशेष रूप से तैयार चाबियों से लॉक खोलकर वाहन लेकर रफूचक्कर हो जाता था।
फतेहाबाद रोड से ट्रांस यमुना तक फैला था जाल
पुलिस की प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि बरामद की गई 6 बाइक शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों— फतेहाबाद रोड, ट्रांस यमुना, सदर बाजार और बरहन इलाके से चोरी की गई थीं। आरोपी इन चोरी की बाइकों को फर्जी कागजात या बेहद सस्ते दामों में बेचने की योजना बना रहे थे।
आपराधिक इतिहास और मुकदमों की जांच जारी
ताजगंज पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार पांचों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। इनके खिलाफ आगरा के विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद बाइकों के चेसिस व इंजन नंबर के आधार पर संबंधित थानों में दर्ज मुकदमों का मिलान कर रही है, साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क और खरीदारों की पड़ताल में जुटी है।


