आगरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की परीक्षाओं का आज से जिले भर में शंखनाद हो गया है। सुबह की पहली पाली में हाईस्कूल (10वीं) की हिंदी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते छात्र-छात्राओं के खिले हुए चेहरे इस बात की गवाही दे रहे थे कि ‘पहला इम्तिहान’ उम्मीद से बेहतर रहा। जिले में कुल 1.21 लाख से अधिक परीक्षार्थी इस बार बोर्ड की ‘जंग’ में शामिल हैं।
छात्रों का फीडबैक: “तैयारी रंग लाई, आसान रहा पेपर”
परीक्षा केंद्र से बाहर आते ही छात्राओं के समूह ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि पेपर काफी सरल था और समय से पहले हल हो गया। अभिभावक भी केंद्रों के बाहर अपने बच्चों का बेसब्री से इंतजार करते दिखे। हालांकि, राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) जैसे कुछ केंद्रों पर रोल नंबर सूची में नाम ढूंढने को लेकर परीक्षार्थियों को थोड़ी मशक्कत जरूर करनी पड़ी, लेकिन प्रशासन की मदद से समय पर समाधान कर लिया गया।
आंकड़ों में आगरा की बोर्ड परीक्षा
जिले में कुल 1,21,922 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं , जिसमे हाईस्कूल (10वीं) के 60,371 परीक्षार्थी, व इंटरमीडिएट (12वीं) के 61,551 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
सख्त पहरा: तीसरी आंख और महिला पुलिस की तैनाती
नकल माफियाओं पर नकेल कसने के लिए प्रशासन ने ‘अभेद किलेबंदी’ की है। CCTV निगरानी द्वारा हर परीक्षा कक्ष की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही सघन तलाशी ली जा रही है जिसमे जूते-मोजे से लेकर प्रवेश पत्र तक की बारीकी से जांच की गई। महिला सुरक्षा की बात करे तो छात्राओं की गरिमा का ध्यान रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों द्वारा तलाशी सुनिश्चित की गई। चिन्हित संवेदनशील केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
अब दूसरी पाली का मोर्चा
दोपहर 2 बजे से इंटरमीडिएट (12वीं) की हिंदी परीक्षा शुरू हो चुकी है, जो शाम 5:15 बजे तक चलेगी। जिला प्रशासन ने दूसरी पाली के लिए भी सुरक्षा के वही कड़े मापदंड अपनाए हैं। बता दें कि यूपी बोर्ड की यह परीक्षाएं 12 मार्च तक अनवरत चलेंगी।

