सपा का विधानसभा के बाहर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, शिवपाल के नेतृत्व में धरने पर बैठे विधायक

Politics

समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले लखनऊ में राज्य विधानसभा के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए हैं। विधानसभा मार्शल ने मीडिया को हटने के लिए कहा है। मीडिया को कवरेज करने से रोका जा रहा है। अखिलेश यादव भी विधानसभा पहुंच गए हैं।

विधानसभा के बाहर सपा विधायक तख्तियां लेकर धरने पर बैठे हैं। भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। आपको बता दें कि आज से यूपी विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विधानसभा के मंडप में विधानमंडल के दोनों सत्रों को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए अभिभाषण पेश करेगी। योगी सरकार का वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट 22 फरवरी को विधानमंडल के दोनों सदनों में पेश किया जाएगा।

विधानसभा में रविवार को आयोजित कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में 20 फरवरी से शुरू हो रहा विधानमंडल का बजट सत्र को 6 मार्च तक संचालित करने की मंजूरी दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि शनिवार को भी सत्र संचालित किया जाएगा। प्रतिदिन का एजेंडा उसी दिन समाप्त करना है इसलिए सदन की कार्यवाही देर शाम तक भी संचालित की जाएगी।

उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदन की उच्च गरिमा और मर्यादा को बनाए रखते हुए गंभीर चर्चा को आगे बढ़ाने से लोकतंत्र के प्रति आमजन की आस्था बढ़ती है। प्रदेश सरकार राज्य के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर सदन में चर्चा के लिए तैयार है। विधानसभा में सकारात्मक माहौल में चर्चा होनी चाहिए। संसदीय परंपराओं का पालन करते हुए सभी सदस्यों को अपने सुझावों एवं मुद्दों को सदन में रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने बड़े विश्वास के साथ सदस्यों को देश की सबसे बड़ी विधानसभा में चुनकर भेजा है। जनता के विश्वास पर खरा उतरना सभी सदस्यों का कर्तव्य है।

उधर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग इन्वेस्टर समिट में लगाए पौधे को नहीं बचा पा रहे हैं वह इन्वेस्टमेंट कहां से लाएंगे। रामचरितमानस पर स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि इसका जवाब सदन में देंगे।

-jka/up18news