आगरा: दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, आर्थिक समावेशन और बंधुत्व की भावना को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। समाजशास्त्र एवं राजनीति विज्ञान विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त आयोजन में शिक्षकों और शोधार्थियों ने संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसकी सामाजिक प्रासंगिकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका पर अपने विचार रखे। इस मौके पर संविधान विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें शालिनी वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया।
समारोह की शुरुआत संस्थान के कुलसचिव प्रो. संजीव स्वामी ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके उपरांत मौजूद विभागाध्यक्षों और शिक्षकों ने भारतीय संविधान के प्रमुख वास्तुकार डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा व संविधान की उद्देशिका पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान जताया।
कुलसचिव प्रो. संजीव स्वामी ने अपने संबोधन में आर्थिक समावेशन की महत्ता को रेखांकित करते हुए छात्रों को जीवन के लक्ष्य तय करने और आजीविका के लिए जरूरी कौशल व संसाधन विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
संवैधानिक दर्शन, नैतिकता और सामाजिक दस्तावेज पर वक्ताओं के विचार
समाज विज्ञान संकाय प्रमुख एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता कुमार ने संविधान दिवस की गरिमा, संवैधानिक दर्शन तथा सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक न्याय के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष और कार्यक्रम आयोजक प्रो. लजवंत सिंह ने संवैधानिक नैतिकता के सैद्धांतिक व व्यावहारिक पहलुओं को स्पष्ट किया। उन्होंने संविधान के मूल्यों को रोजमर्रा के व्यवहार में अपनाने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज में बंधुत्व की भावना को बढ़ावा देने पर बल दिया।
डॉ. ईश्वर स्वरूप सहाय ने संविधान सभा की कार्यप्रणाली, संविधान बनने की प्रक्रिया और उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान केवल कानून की पुस्तक मात्र नहीं है, बल्कि एक अहम सामाजिक दस्तावेज है, जो विविधताओं में एकता कायम रखते हुए भारतीय लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखता है।
विभाग के शोधार्थी पुनीत ने संविधान के विभिन्न भागों और अनुच्छेदों की विवेचना करते हुए सामाजिक व राजनीतिक विचारधाराओं के परिप्रेक्ष्य में भारतीय संविधान के समन्वयवादी स्वरूप को रखा। वहीं शोधार्थी प्रियंका ने अपनी काव्य प्रस्तुति के जरिए संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान दिवस की गरिमा को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया।
संविधान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शालिनी वर्मा प्रथम
कार्यक्रम के दौरान संविधान विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें शालिनी वर्मा ने प्रथम, शिवानी ने द्वितीय और कोमल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेताएं समाजशास्त्र एवं राजनीति विज्ञान विभाग में राजनीति विज्ञान की शोधार्थी हैं। प्रतियोगिता का मूल्यांकन और परिणामों की घोषणा डॉ. अंजु शर्मा ने की, जबकि विजेताओं को विभागाध्यक्ष प्रो. लजवंत सिंह, डॉ. अंजु शर्मा और डॉ. ईश्वर स्वरूप सहाय ने पुरस्कार प्रदान किए।
इन गणमान्यजनों और विद्यार्थियों की रही मौजूदगी
इस आयोजन में प्रबंधन विभागाध्यक्ष प्रो. के. शांति स्वरूप, मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. कमल जीत संधू, राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. सनिल कुमार तथा सह-समन्वयक डॉ. रजनीश कुमार मीना की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके अलावा डॉ. बीरपाल सिंह, डॉ. गोपाल कृष्ण परिहार, डॉ. अंजली सेठ, सुश्री मोनिका तिवारी सहित प्रबंधन, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान व समाजशास्त्र विभागों के शिक्षक, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं और एनएसएस स्वयंसेवक भी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन सुश्री शुभांशी सोनकर ने किया और अंत में डॉ. अंजु शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।


