मथुरा: जिले के नौहझील क्षेत्र के कटैलिया बागई गांव में रविवार को एक सिरफिरे युवक ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। भाभी की बहन द्वारा शादी का रिश्ता ठुकराए जाने से नाराज देवर ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद का भी गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया।
मन्नत न पूरी होने पर खूनी रंजिश
जानकारी के मुताबिक, ज्वाला प्रसाद के दो बेटे कालू और दीपक हैं। कालू की शादी चार महीने पहले करिश्मा से हुई थी। उसी दौरान दीपक के लिए करिश्मा की बहन का रिश्ता आया था, जिसे लड़की ने ठुकरा दिया। दीपक इस बात को लेकर मानसिक तनाव में था और अपनी भाभी करिश्मा को इसका जिम्मेदार मानता था।
घर में अकेले पाकर किया हमला
रविवार को जब बड़ा भाई कालू और पिता खेत पर गए थे, तब घर में दीपक और करिश्मा अकेले थे। झगड़ा इतना बढ़ा कि दीपक ने धारदार ब्लेड से करिश्मा का गला रेत दिया। घर लौटे परिजनों ने जब दोनों को लहूलुहान देखा तो चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में इलाज के दौरान करिश्मा ने दम तोड़ दिया, जबकि दीपक की हालत नाजुक बनी हुई है।
सबूत मिटाने की भी हुई कोशिश
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मौके से आला-ए-कत्ल (ब्लेड) बरामद कर लिया गया है। हैरानी की बात यह है कि घर में खून से सने गद्दों को धोकर सबूत मिटाने की कोशिश के भी संकेत मिले हैं। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है और पुलिस आरोपी के होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

