​’मिस्टर एंड मिसेज ग्रे’ में दिखेगा श्रेया शर्मा का नया अवतार; विवेक ओबेरॉय के साथ स्क्रीन साझा कर करेंगी धमाका

Entertainment

​मुंबई। फिल्म ‘मस्ती 4’ में अपनी शानदार अदाकारी से सबका दिल जीतने वाली अभिनेत्री श्रेया शर्मा इन दिनों अपनी अगली बड़ी फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज ग्रे’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अपने करियर के इस महत्वपूर्ण मोड़ पर श्रेया पहली बार बॉलीवुड के अनुभवी अभिनेता विवेक ओबेरॉय के साथ फीमेल लीड के तौर पर नजर आएंगी। इस नई जोड़ी के ऐलान के साथ ही फिल्मी गलियारों में उत्साह बढ़ गया है।

चुनौतीपूर्ण भूमिका में दिखेंगी श्रेया

दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए मशहूर श्रेया शर्मा अब हल्के-फुल्के किरदारों से आगे बढ़कर ‘परफॉर्मेंस-ड्रिवन’ सिनेमा की ओर कदम बढ़ा रही हैं। ‘मिस्टर एंड मिसेज ग्रे’ की कहानी जटिल मानवीय रिश्तों, भावनात्मक टकराव और संवेदनाओं के इर्द-गिर्द बुनी गई है। माना जा रहा है कि श्रेया का किरदार इस पूरी कहानी की भावनात्मक धुरी (इमोशनल एक्सेस) होगा, जो दर्शकों को एक नई गहराई का अहसास कराएगा।

अनुभव को लेकर क्या बोलीं श्रेया?

फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए श्रेया शर्मा ने कहा, “मिस्टर एंड मिसेज ग्रे मेरे पास सही समय पर आई है। मैं एक ऐसे किरदार की तलाश में थी जो मुझे रचनात्मक और भावनात्मक रूप से चुनौती दे सके। विवेक ओबेरॉय जैसे मंझे हुए कलाकार के साथ काम करना मेरे लिए सीखने का एक बेहतरीन अनुभव है। यह कहानी बहुत सच्ची और गहरी है।”

करियर का टर्निंग पॉइंट

सिनेमा विशेषज्ञों का मानना है कि जहां ‘मस्ती 4’ ने श्रेया को घर-घर में लोकप्रियता दिलाई, वहीं ‘मिस्टर एंड मिसेज ग्रे’ उनके अभिनय कौशल को एक नई पहचान देगी। यह फिल्म साबित करेगी कि श्रेया शर्मा केवल एक उभरती हुई अभिनेत्री नहीं, बल्कि इंडस्ट्री में अगली कतार की एक सशक्त दावेदार बनकर उभरी हैं।