मुंबई में शरमन जोशी का बड़ा बयान: ‘बच्चों को जीवन कौशल से लैस करना स्कूलों और अभिभावकों की संयुक्त जिम्मेदारी’

Career/Jobs

मुंबई: बच्चों को केवलता किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें बेहतर शिक्षा के साथ-साथ जीवन कौशल (लाइफ स्किल्स) से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए लोकप्रिय अभिनेता शरमन जोशी ने ‘लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल’ (LFCS) की पैन इंडिया बजट स्कूल फ्रेंचाइजी पहल का खुलकर समर्थन किया है।

मुंबई में आयोजित एक भव्य लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी बात रखते हुए शरमन जोशी ने कहा, “बच्चों को जीवन कौशल से परिपूर्ण बनाना सिर्फ माता-पिता की ही जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह स्कूलों की भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी बनती है… यह सिर्फ कहने से नहीं, बल्कि करके दिखाना होगा!!”

​एलएफसीएस (LFCS) के निदेशक मुरलीधर यादव के नेतृत्व में शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी पहल का मुख्य उद्देश्य बेहद कम और सुलभ फीस में उच्च गुणवत्ता वाली, बाल-केंद्रित शिक्षा देश के दूर-दराज के बच्चों तक पहुंचाना है। इस कार्यक्रम में ‘सुपर 30’ के संस्थापक और देश के जाने-माने गणितज्ञ आनंद कुमार ने भी विशेष रूप से शिरकत की और इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

​आनंद कुमार ने इस मौके पर कहा, “मुरलीधर जी की यह मुहिम मुझे दिल से बहुत अच्छी लगी—यह असल मायनों में ‘मिशन एजुकेशन’ और ‘मिशन इंडिया’ की दिशा में एक बड़ा कदम है।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस मिशन के तहत समाज के जरूरतमंद और प्रतिभाशाली बच्चों को पूरी तरह से नि:शुल्क मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। आनंद कुमार ने जोर देकर कहा कि आज के समय में ऐसी शिक्षा प्रणाली की सबसे ज्यादा जरूरत है, जहां बच्चा चीजों को केवल रटे नहीं, बल्कि विज्ञान और व्यावहारिक ज्ञान के जरिए कुछ नया आविष्कार करे।

वहीं, कार्यक्रम के दौरान निदेशक मुरलीधर यादव ने कहा कि हर बच्चे के भीतर एक अलग और अनूठी प्रतिभा छिपी होती है, जरूरत सिर्फ उसे सही समय पर उचित मार्गदर्शन देने की होती है। उन्होंने आनंद कुमार की इस कार्यक्रम में उपस्थिति को इस शिक्षा मिशन के लिए बेहद खास और प्रेरणादायक बताया।