आगरा: होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोशिएशन का चुनाव संपन्न, शांति स्वरूप बने अध्यक्ष

Press Release

आगरा: रविवार को होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोशिएशन आगरा का चुनाव संपन्न हो गया। इस चुनाव के दौरान सर्वसम्मति से शांति स्वरूप को अध्यक्ष चुना गया। शांति स्वरूप के अध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने अपनी कार्यकारिणी का गठन भी कर दिया। कुछ ही घंटों में महासचिव, सचिव उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद की घोषणा कर दी गई।

ये रही कार्यकारिणी

अवनीश शिरोमणि को महासचिव, सिद्धार्थ अरोरा को सचिव, राजीव सेठी, अमरजीत सिंह को उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष कौशाम्भी अग्रवाल को बनाया गया। यह चुनाव रविवार को होटल मनीराम पैलेस, फतेहाबाद रोड पर हुआ।

मीटिंग में जमकर हंगामा

चुनाव से पहले कार्यकारिणी की मीटिंग हुई। इसमें चुनाव को लेकर जमकर हंगामा भी हुआ। बताया जाता है कि एसोसिएशन के कुछ सदस्य निवर्तमान अध्यक्ष को ही अध्यक्ष चुने जाने की मांग कर रहे थे। वहीं एक पक्ष चुनाव चाहता था। इसको लेकर विवाद बढ़ने लगा। इस दौरान एसोसिएशन का एक पक्ष शांति स्वरूप को अध्यक्ष बनाए जाने की पहल करने लगा। तब शांति स्वरूप ने मना कर दिया लेकिन विवाद को खत्म करने के लिए उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए हामी भर दी। इसके बाद पुराने अध्यक्ष रमेश वाधवा ने इस्तीफा दिया। फिर सर्वसम्मति से शांति स्वरूप को अध्यक्ष चुन लिया गया।

शेष कामों को पूरा कराएंगे

नवनिर्वाचित अध्यक्ष शांति स्वरूप का कहना था कि उनकी प्राथमिकता होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन के सभी सदस्यों की विभागीय संबंधित समस्याओं के निराकरण और उनकी लड़ाई लड़ना है। उनके हितों की सुरक्षा की जा सके। साथ ही जो कार्य शेष रह गए हैं, उन्हें भी पूरा कराया जाना है।

कुछ गलतफहमी हो गई थी

निवर्तमान अध्यक्ष रमेश वाधवा का कहना था कि शांति स्वरूप को उनका पूरा समर्थन है। वह एसोसिएशन और उनके सदस्यों के हितों के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ेंगे। विवाद को लेकर उनका कहना था कि कुछ गलतफहमी की वजह से कुछ सदस्यों का मनमुटाव था लेकिन अब सब एक हैं और एसोसिएशन के हित के लिए कार्य करने के लिए संकल्पित है।