आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की अवैध निर्माण के खिलाफ चल रही प्रवर्तन कार्रवाई एक बार फिर गहरे सवालों के घेरे में आ गई है। शहर में एक तरफ जहां प्राधिकरण के नोटिस को पूरी तरह नजरअंदाज कर धड़ल्ले से निर्माण जारी है, वहीं दूसरी तरफ एडीए द्वारा लगाई गई सील के बावजूद भवनों में दोबारा अवैध निर्माण शुरू होने की गंभीर शिकायतें सामने आ रही हैं। इन दोनों मामलों ने प्राधिकरण के प्रवर्तन अनुभाग की लचर निगरानी व्यवस्था और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही पर बड़े प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। मुख्य सवाल यह है कि जब एडीए अवैध निर्माण की जानकारी होने पर नोटिस जारी करता है और विधिवत भवन को सील भी कर देता है, तो फिर उसी परिसर में निर्माण कार्य दोबारा कैसे शुरू हो जाता है?
सुरेश नगर: सीलिंग के बाद भी पांचवीं मंजिल पर हो रहा निर्माण
ताजा मामला शहर के सुरेश नगर का है। यहां एडीए की ओर से बीते जून महीने में सील किए गए एक कॉम्प्लेक्स में दोबारा निर्माण कार्य शुरू होने की शिकायत सामने आई है। आरोप है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के अवैध निर्माण कराने के मामले में प्रवर्तन दल ने कार्रवाई करते हुए भवन पर सील लगाई थी, लेकिन अब इसी सील किए गए परिसर की पांचवीं मंजिल पर बेखौफ होकर नया निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस मनमानी से आहत सुरेश नगर रेजिडेंशियल सोसायटी ने इस मामले में सीधे एडीए उपाध्यक्ष से शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने एडीए की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जून में जब प्रवर्तन दल ने भवन को सील किया था, तब यह माना गया था कि अवैध निर्माण पर प्रभावी रोक लग जाएगी। लेकिन अब पांचवीं मंजिल पर निर्माण शुरू होने से यह सवाल उठ रहा है कि सील लगाने के बाद उस भवन की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी? क्या सील लगाने के बाद प्रवर्तन विभाग ने कभी मौके पर दोबारा निरीक्षण करने की जहमत उठाई? यदि सील तोड़कर अथवा प्रशासनिक आदेशों की सरेआम अनदेखी कर निर्माण शुरू किया गया है, तो संबंधित भू-माफियाओं और भवन स्वामियों के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी विधिक कार्रवाई क्यों नहीं की गई? शिकायत मिलने के बाद प्राधिकरण की ओर से फिलहाल जांच और कार्रवाई का रटा-रटाय आश्वासन दिया गया है।
लोहामंडी (ताज की मंडी): नोटिस के बावजूद निर्माण पर सवाल
दूसरा मामला लोहामंडी वार्ड के अंतर्गत आने वाले ताज की मंडी क्षेत्र स्थित पुनिया पाड़ा का है। यहां अनूप अग्रवाल से संबंधित निर्माण को लेकर एडीए के प्रवर्तन अनुभाग ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की थी। प्राधिकरण के आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, 26 दिसंबर 2025 को सीलिंग से पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 12 फरवरी 2026 को दूसरा पत्र जारी कर यह स्पष्ट किया गया कि निर्माण की स्वीकृति के संबंध में संबंधित पक्ष की ओर से कोई भी वैध जवाब अथवा स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया है।
एडीए ने इसी पत्र में निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से बंद करने और परिसर को खाली करने के कड़े निर्देश दिए थे, साथ ही तीन दिन के भीतर प्राधिकरण को सूचना देने को कहा गया था। इसमें चेतावनी दी गई थी कि आदेश का पालन न होने की स्थिति में प्राधिकरण परिसर को सील कर देगा। इसके बावजूद निर्माण कार्य पर प्रभावी रोक न लगने से विभागीय कार्यशैली पर सवालिया निशान लग रहे हैं। जिस निर्माण की पूरी जानकारी प्राधिकरण को थी, जिस पर विधिवत नोटिस जारी हो चुका था और नियत समय में कोई जवाब भी नहीं दिया गया था, वहां समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई?क्या प्रवर्तन विभाग की जिम्मेदारी केवल कागजी नोटिस जारी करने तक ही सीमित रह गई है?
आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा प्राधिकरण
इस पूरे प्रकरण पर क्षेत्रीय अधिकारी का कहना है कि पिछले सप्ताह ही नोटिस जारी किया गया है और अब इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी के मुताबिक, संपत्ति के पीछे की ओर बनाए जा रहे इसी संपत्ति से जुड़े अन्य मकानों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, एडीए के एक अन्य अधिकारी का कहना है कि फ्लैट्स के संबंध में पहले ही सीलिंग के नोटिस जारी किए जा चुके हैं और अब सीलिंग की सख्त कार्रवाई की जानी है। नोटिस में निर्धारित समयसीमा पूरी होने के बाद प्राधिकरण अपनी अगली कार्रवाई को अंजाम देगा।
प्रवर्तन विभाग की जवाबदेही कौन तय करेगा?
इन दोनों मामलों में सबसे बड़ा और गंभीर सवाल एडीए की मैदानी निगरानी व्यवस्था को लेकर है। सुरेश नगर में सील किए गए भवन में दोबारा निर्माण शुरू होना और ताज की मंडी में नोटिस तथा चेतावनी के बावजूद निर्माण जारी रहना यह साबित करता है कि मैदानी अमले का खौफ खत्म हो चुका है। यदि कोई भवन बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाया जा रहा है, तो शुरुआती स्तर पर ही उसे क्यों नहीं रुकवाया जाता? सीलिंग के बाद भी निर्माण शुरू होने की शिकायत मिलने पर जिम्मेदार प्रवर्तन अधिकारियों से स्पष्टीकरण क्यों नहीं मांगा जाता?
शहर में आम नागरिकों को अपना वैध नक्शा स्वीकृत कराने और भवन निर्माण के तमाम नियमों का पालन करने के लिए एडीए के दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं, जबकि दूसरी तरफ अवैध निर्माणकर्ता नोटिस और सीलिंग के आदेशों को ठेंगा दिखाकर बेधड़क काम जारी रखते हैं। ऐसी स्थिति विभागीय व्यवस्था और पारदर्शिता पर करारा तंज है।
नोटिस और सीलिंग से आगे बढ़कर कार्रवाई कब?
एडीए की प्रवर्तन व्यवस्था का मूल उद्देश्य केवल औपचारिकता निभाते हुए नोटिस जारी करना या भवन पर केवल सील लगाना भर नहीं है, बल्कि अवैध निर्माण को पूरी तरह रोकना और विधिक नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना है। यदि सीलिंग के बाद भी निर्माण बदस्तूर जारी रहता है, तो यह केवल भवन स्वामी की ओर से नियमों की अवहेलना का मामला नहीं, बल्कि प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था की नाकामी का भी स्पष्ट प्रमाण है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि एडीए सुरेश नगर के सील कॉम्प्लेक्स में दोबारा निर्माण शुरू होने की शिकायत पर क्या ठोस कदम उठाता है और ताज की मंडी के पुनिया पाड़ा में नोटिस के बाद अवैध निर्माण को रोकने में कितनी गंभीरता दिखाता है। साथ ही यह भी देखना महत्वपूर्ण होगा कि इन मामलों में घोर लापरवाही सामने आने पर क्या संबंधित प्रवर्तन अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाती है, या फिर यह कार्रवाई भी हमेशा की तरह केवल नोटिस और आश्वासनों की फाइलों में ही दबी रह जाएगी।

