आगरा: ईदगाह क्षेत्र में अस्थाई डलाबघरों को समाप्त कर बनाये गए सेल्फ़ी पॉइंट

स्थानीय समाचार

आगरा: सरकार के 75 घंटे के विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान अस्थाई डलाबघरों को खत्म कर उन्हें साफ सुथरा बना उस जगह का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इन सभी डलाबघरों को सेल्फी प्वाइंट का रूप दिया जाएगा। गमले रखकर उनमें पौधे लगाए जाएंगे और दीवारों पर विभिन्न प्रकार की स्वच्छता को लेकर पेंटिंग भी की जाएगी। भूमि पर लगातार रंगोली बनाई जाएगी। इतना ही नहीं यहां पर स्वच्छता से जुड़े और कूड़ा न डालने से संबंधित स्लोगन लिखे जाएंगे और लोगों से अस्थाई डलाबघरों पर कूड़ा न डालने की अपील की जाएगी।

ईदगाह कटघर रेलवे कॉलोनी की ओर इस अभियान को चलाया गया। यहां पर कुछ लोगों ने एक ही रोड पर तीन चार जगह अस्थाई डलाब घर बना दिए हैं। निगम के सफाई कर्मचारियों ने इस अभियान के तहत इन सभी डलाबघरों को खत्म किया। वहां पर रंगोली कर उसे सुंदर बनाया। स्लोगन लिखकर लोगों से अपील की कि यहां पर कूड़ा ना फेंके।

इसके बाद वहीं पर स्वच्छता की पाठशाला भी लगाई गई। स्वच्छता की पाठशाला के अंतर्गत विभिन्न बैनर लगाए गए और इन बैनरों के माध्यम से ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक बनाया।

सरकार की ओर से शुरू किए गई यह स्वच्छता की पाठशाला 3 दिनों तक विशेष अभियान के रूप में चलेगी। 1 दिसंबर से शुरू हुआ यह अभियान 3 दिसंबर को जाकर समाप्त होगा। इस अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश के 75 जिले में 750 निकायों में 75 घंटे स्वच्छता को लेकर कार्य किया जाएगा। वार्ड 39 नामनेर में इस अभियान की शुरुआत ईदगाह कटघर से की गई।

निगम के अधिकारियों ने बताया कि आज ईदगाह रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर कई जगह अस्थाई डलाब घर थे। लोग यहां पर कूड़ा फेंका करते थे लेकिन यहां पर सफाई अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र को साफ कर दिया है और अस्थाई डलाबघर को हटा दिया है।

उन्होंने बताया कि जहां जहां पर डलाबघरों को खत्म किया जा रहा है, उस जगह को सेल्फी प्वाइंट में तब्दील किया जाएगा। वहां पर गमलों सहित पौधे लगाए जाएंगे साथ ही दीवारों पर भी आकर्षक पेंटिंग बनाकर वहां स्वच्छता के प्रति अलख जगाने हेतु स्लोगन लिखे जाएंगे। उस स्थान का ऐसा सौंदर्यीकरण किया जाएगा जिससे लोग वहां सेल्फी लिया करें।