आगरा: मंडप में मांग भराई की रस्म के दौरान दूल्हे के हाथों को देखकर दुल्हन की निकली चीख, किया शादी से इनकार

स्थानीय समाचार

आगरा। शादी समारोह के दौरान वरमाला हो जाने के बाद मंडप में मांग भराई की रस्म के दौरान दूल्हे के हाथों को देखकर दुल्हन की चीख निकल गई। इसके बाद दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन की यह हरकत देखकर दूल्हा भी हक्का-बक्का रह गया। वर एवं वधू दोनों पक्षों ने दुल्हन को समझाने का प्रयास किया लेकिन दुल्हन शादी न करने की बात पर डटी रही। इसके बाद दूल्हा पक्ष थाने पहुंच गया।

मामला थाना जैतपुर क्षेत्र का है। बताया जाता है कि गाजियाबाद के भूपपुरा कुटी से बारात आई थी। धूमधाम से दूल्हा दुल्हन की वरमाला हुई। हंसी खुशी माहौल के बीच मंडप में सात फेरे भी हो गए। इसके बाद जैसे ही मांग भराई रस्म के लिए दूल्हे ने अपने हाथों में सिंदूर लिया तभी दुल्हन की नजर दूल्हे की तर्जनी अंगुली पर पड़ गई जो कि कटी हुई थी। यह देख कर अचानक दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया।

दोनों पक्षों ने दुल्हन को समझाने की कोशिश की। दूल्हा पक्ष ने सफाई दी कि बिजली के करंट से दूल्हे की उंगली कट गई थी लेकिन कई बार समझाने के बावजूद दुल्हन नहीं मानी। इसके बाद दूल्हा पक्ष नके जैतपुर थाने में शरण ली। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत का दौर चल रहा था और सुलह करने की कोशिश की जा रही है।