इंडोनेशिया ओपन खिताब जीतकर सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी ने इतिहास रचा

SPORTS

यह इंडोनेशिया ओपन के डबल्स इवेंट में भारत का पहला खिताब भी है। सात्विक और चिराग इससे पहले सुपर 100, सुपर 300, सुपर 500 और सुपर 750 का भी खिताब जीत चुके हैं। सभी सुपर खिताब जीतने वाले यह भारत की पहली जोड़ी भी है। पुरुष सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत ने 2017 में खिताब को अपने नाम किया था।

भारतीय जोड़ी ने जीता पहला गेम

भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पहले गेम को अपने नाम किया। मलेशिया की जोड़ी ने मुकाबले की तेज शुरुआत की। उनके पास 0-3 की बढ़त थी, फिर स्कोर 3-7 हो गया। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने वापसी की और 11-9 की बढ़त बना ली। इस दौरान सात्विक और चिराग ने लगातार 6 पॉइंट हासिल किए। इसके बाद भी कांटे की टक्कर चलती रही। अंत में भारतीय जोड़ी ने 18 मिनट में पहले गेम को 21-17 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में कांटे की टक्कर

कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन सात्विक और चिराग की जोड़ी को दूसरे गेम में भी आरोन चिया और सोह वुई यिक से कड़ी टक्कर मिली। एक समय मुकाबला 5-5 की बराबरी पर था। लेकिन इसके बाद भारतीय जोड़ी ने बढ़त बना शुरू कर दी। दूसरे हाफ के ब्रेक तक भारतीय जोड़ी के पास 11-8 की बढ़त थी। इसके बाद सात्विक और चिराग ने अपना खेल और तेज कर दिया। उनकी बढ़त 20-14 की हो गई थी। लेकिन इसके बाद सात्विक और चिराग ने गलतियां करनी शुरू कर दी। मलेशिया की जोड़ी ने लगातार 4 पॉइंट हासिल किए। लेकिन अंत में भारतीय जोड़ी ने गेम को जीतने के साथ ही खिताब अपने नाम कर लिया।

Compiled: up18 News