एस.एस. राजामौली की ‘वाराणसी’ का मेगा अपडेट: एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग पूरी, अब भावुक दृश्यों पर है फोकस

Entertainment

मुंबई। भारतीय सिनेमा को ‘बाहुबली’ और ‘आरआरआर’ जैसी कालजयी फिल्में देने वाले विज़नरी फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली एक बार फिर अपनी आगामी मेगा फिल्म ‘वाराणसी’ के साथ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने के लिए तैयार हैं। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनास और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे सितारों से सजी यह भव्य एक्शन-एडवेंचर फिल्म फिलहाल देश की सबसे बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं में से एक है।

फिल्म को लेकर ताजा जानकारी साझा करते हुए राजामौली ने बताया कि इसके सभी विशाल और हाई-वोल्टेज एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग सफलतापूर्ण संपन्न हो चुकी है। अब फिल्म के शेष भावनात्मक और नैरेटिव दृश्यों पर काम चल रहा है, जिसके सितंबर या अक्टूबर तक पूरे होने की संभावना है।

​तकनीकी पहलुओं पर स्पष्टता देते हुए राजामौली ने बताया कि ‘वाराणसी’ को सीधे आईमैक्स (IMAX) विज़न के साथ शूट किया गया है। उन्होंने साफ किया कि फिल्म को बड़े पर्दे के भव्य अनुभव के लिए ही परिकल्पित किया गया था, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार का कृत्रिम बदलाव या कन्वर्जन नहीं किया जाएगा। दर्शकों को जो अनुभव मिलेगा, वह निर्देशक के मूल विज़न का ही विस्तार होगा।

​इसके साथ ही, राजामौली ‘बाहुबली: द इटरनल वॉर’ के जरिए एनिमेशन की दुनिया में भी भारतीय कथाओं की भव्यता को वैश्विक मंच पर ले जाने के लिए पूरी तरह उत्साहित हैं। ‘वाराणसी’ के बारे में बात करते हुए उन्होंने विश्वास जताया है कि फिल्म दर्शकों को भव्य दृश्यों, दमदार भावनाओं और एक विश्वस्तरीय सिनेमाई अनुभव का मेल प्रदान करेगी। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 7 अप्रैल 2027 को रिलीज होने वाली है, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।