बंगाल में गरजे CM योगी, बोले— BJP सरकार आने दीजिए, टीएमसी के गुंडे सड़कों पर झाड़ू लगाते दिखेंगे

Regional

आसनसोल (पश्चिम बंगाल): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अरिजीत रॉय के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। बंगाल की चुनावी रणभेरी में उतरते हुए योगी आदित्यनाथ ने टीएमसी (TMC) सरकार पर तीखा हमला बोला और उसे माफिया, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण का अड्डा करार दिया। सभा के दौरान लोगों का उत्साह इस कदर था कि छतों और पेड़ों पर चढ़कर लोग ‘यूपी वाले बाबा’ की एक झलक पाने को बेताब नजर आए।

“गुंडों और मौलानाओं के डर को निकाल दीजिए”: सीएम योगी

​ममता बनर्जी की सरकार को सीधी चुनौती देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “टीएमसी के गुंडे, माफिया क्या कह रहे हैं या कोई मौलाना क्या बक रहा है, इससे भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। बस बंगाल में डबल इंजन की भाजपा सरकार आने दीजिए, ये सभी आपकी चाटुकारिता करते और बंगाल की सड़कों पर झाड़ू लगाते दिखाई देंगे।” उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि वे अरिजीत रॉय को जिताकर टीएमसी का ‘सूपड़ा साफ’ करें।

​यूपी का उदाहरण: “वहां कर्फ्यू न दंगा, वहां सब चंगा”

​मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के परिवर्तन का जिक्र करते हुए कहा कि 9 साल पहले यूपी की स्थिति भी बंगाल जैसी ही थी, लेकिन आज वहां कोई सड़क पर नमाज नहीं पढ़ सकता और न ही कोई दंगा कर सकता है। उन्होंने कहा, “यूपी में बुलडोजर अब माफिया की हड्डी-पसली ठीक करता है। वहां माफिया की संपत्ति जब्त कर गरीबों के आवास बनते हैं। यूपी में न कर्फ्यू है न दंगा है, वहां सब चंगा है।”

राम मंदिर और हिंदू अस्मिता पर बड़ा बयान

योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए टीएमसी, सपा और कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा, “जैसे ममता दीदी को राम नाम और दुर्गा पूजा से चिढ़ है, यूपी में भी पिछली सरकारों को ऐसी ही चिढ़ होती थी। लेकिन आज अयोध्या में भव्य मंदिर बन गया है।” उन्होंने भाजपा की ओर से गारंटी देते हुए कहा, “हम गोमाता को कटने नहीं देंगे और हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे।”

​माफियाराज और अर्थव्यवस्था पर चोट

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि टीएमसी के 15 वर्षों के शासन ने बंगाल को ‘क्राइम कैपिटल’ बना दिया है। यहाँ सैंड, कोल और लैंड माफिया का बोलबाला है। उन्होंने आर्थिक आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि यूपी में आलू का दाम 15-16 रुपये किलो है, जबकि बंगाल के किसानों को मात्र एक-डेढ़ रुपये मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल, जो कभी देश का ‘इकॉनमिक लीडर’ था, आज भ्रष्टाचार और अराजकता का केंद्र बन चुका है।

​महापुरुषों की धरती को टीएमसी मुक्त करने का आह्वान

​अंत में योगी आदित्यनाथ ने बंगाल के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के बलिदान और धारा 370 को हटाने के संकल्प को पीएम मोदी ने पूरा किया है। अब समय आ गया है कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर बंगाल को टीएमसी की अराजकता से मुक्त किया जाए।