आगरा: जनपद के कागारौल कस्बे में शुक्रवार को कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गईं। तांतपुर रोड स्थित मस्जिद के पास मुस्लिम समाज के दो गुटों के बीच मामूली विवाद ने इस कदर तूल पकड़ा कि देखते ही देखते पूरा इलाका जंग के मैदान में तब्दील हो गया। भारी पथराव, मारपीट और उपद्रव के कारण न केवल आगरा-तांतपुर मार्ग पर यातायात ठप हो गया, बल्कि दहशत के मारे दुकानदारों ने शटर गिरा दिए और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए।
मस्जिद के बाहर शुरू हुआ बवाल, छतों से बरसे पत्थर
घटना शुक्रवार दोपहर की है जब तांतपुर रोड स्थित मस्जिद के पास किसी पुरानी रंजिश या तात्कालिक विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत गाली-गलौज और मारपीट से हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में हिंसा भड़क उठी। उपद्रवियों ने न केवल सड़कों पर बल्कि घरों की छतों से भी जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। पत्थरों की बारिश से राहगीरों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
खाकी पर भी हमला, भारी फोर्स ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही जब कागारौल थाने की पुलिस मौके पर पहुँची, तो उन्मादी भीड़ ने पुलिस टीम को भी निशाना बनाया। पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया गया, जिससे एक बार तो पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा। बिगड़ते हालात देख जिला मुख्यालय से भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) को मौके पर बुलाया गया। अतिरिक्त फोर्स ने पहुँचते ही लाठियां भांजकर उपद्रवियों को गलियों में दौड़ा-दौड़ा कर खदेड़ा, तब जाकर स्थिति पर काबू पाया जा सका।
पुलिसिया कार्रवाई: 36 नामजद, 6 उपद्रवी सलाखों के पीछे
घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कागारौल थाने में 60 से अधिक उपद्रवियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
36 लोगों को नामजद किया गया है। मौके से 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के पास घटना के कई वीडियो फुटेज मौजूद हैं, जिनके आधार पर अन्य 24 अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है।
इलाके में तनाव, पुलिस का फ्लैग मार्च
हिंसा के बाद पूरे कागारौल कस्बे में भारी तनाव व्याप्त है। एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात कर दी गई है और अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल आगरा-तांतपुर रोड पर यातायात बहाल कर दिया गया है, लेकिन बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है।

